Republic Day पर CM Rekha Gupta का संकल्प “विकसित भारत के साथ विकसित दिल्ली”

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (25 January 2026): गणतंत्र दिवस (Republic Day) के अवसर पर 25 जनवरी को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (CM Rekha Gupta) ने छत्रसाल स्टेडियम (Chhatrasal Stadium) में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान उन्होंने शहीदों को नमन करते हुए कहा कि तिरंगे की मर्यादा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान से ही आज का भारत खड़ा है। उन्होंने संविधान को भारत की चेतना बताते हुए कहा कि बीते 77 वर्षों से यह न्याय, समानता और गरिमा का मार्गदर्शन करता आ रहा है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में 26 जनवरी 1950 की ऐतिहासिक सुबह को याद करते हुए कहा कि इसी दिन भारत ने अपना संविधान अपनाकर स्वयं को “जनता का, जनता के लिए और जनता द्वारा” संचालित गणराज्य घोषित किया। उन्होंने कहा कि यह तिरंगा विरासत में नहीं मिला, बल्कि अनगिनत बलिदानों से अर्जित हुआ है जिसकी याद दिलाती हैं लता मंगेशकर की अमर पंक्तियां, जो शहीदों की कुर्बानी को नमन करती हैं।

रेखा गुप्ता ने भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर और उनकी टीम को संविधान निर्माण की नींव रखने के लिए श्रद्धांजलि दी। साथ ही गुरु तेग बहादुर जी की शहादत की 350वीं वर्षगांठ, पं. मदन मोहन मालवीय की जयंती, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले महापुरुषों को स्मरण किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना के वर्षों को भी राष्ट्रसेवा की परंपरा से जोड़ा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते 11 महीनों में दिल्ली सरकार ने जमी हुई व्यवस्था की धूल हटाकर जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास” के सिद्धांत के अनुरूप दिल्ली में ठोस और परिणामोन्मुख कदम उठाए गए हैं, जिससे नागरिकों के जीवन में वास्तविक बदलाव दिख रहा है।

खाद्य सुरक्षा पर बोलते हुए उन्होंने बताया कि गरीब और मजदूर वर्ग के लिए ₹5 में सम्मानजनक भोजन योजना शुरू की गई है, जिसके तहत रोज़ 50,000 से अधिक लोग भोजन कर रहे हैं। लक्ष्य इसे प्रतिदिन एक लाख तक पहुंचाने का है। स्वास्थ्य को दूसरी बड़ी प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का मूल अधिकार है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल इंडिया की दिशा में दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों को डिजिटल किया जा रहा है। हॉस्पिटल इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम, क्यूआर कोड, ऑनलाइन ओपीडी अपॉइंटमेंट जैसी सुविधाएं लागू हुई हैं। आयुष्मान भारत योजना और 10 लाख रुपये के जीवन बीमा कवर के तहत 20,000 से अधिक मरीज लाभान्वित हुए हैं, वहीं 300 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर शुरू किए जा चुके हैं।शिक्षा क्षेत्र में सरकार ने बजट का 21 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया है। दिल्ली स्कूल एजुकेशन एक्ट 2025 लागू कर निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाई गई है। नरेला में आधुनिक एजुकेशन हब के लिए 1300 करोड़ रुपये का प्रावधान, मेधावी छात्रों को स्कॉलरशिप और टॉपर्स को लैपटॉप देने की योजना से शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार और नवाचार के लिए दिल्ली को ग्लोबल इनोवेशन हब बनाने की दिशा में स्टार्टअप पॉलिसी तैयार की जा रही है। खेलों में खिलाड़ियों के लिए प्रोत्साहन राशि देश में सबसे अधिक की गई है। ओलंपिक व पैरालंपिक में स्वर्ण पदक पर 7 करोड़, रजत पर 5 करोड़ और कांस्य पर 3 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। मुंडका में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाली दिल्ली भारत यूनिवर्सिटी के निर्माण की शुरुआत भी हुई है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि बुनियादी ढांचे और परिवहन पर सरकार का विशेष फोकस है। अगले तीन वर्षों में 11,000 इलेक्ट्रिक बसों के साथ 100 प्रतिशत पब्लिक ट्रांसपोर्ट को इलेक्ट्रिक बनाने का लक्ष्य है। मेट्रो नेटवर्क को 394 किलोमीटर से बढ़ाकर 500 किलोमीटर किया जाएगा, जिसके लिए बजट 3,000 करोड़ से बढ़ाकर 5,000 करोड़ किया गया है। दिल्ली-एनसीआर कनेक्टिविटी के लिए रैपिड रेल और सिंगल मोबिलिटी कार्ड जैसी योजनाएं लागू हो रही हैं।

सीएम ने अपने संबोधन में कहा कि सुरक्षा और शहरी सुविधाओं पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 1,000 से अधिक नए सीसीटीवी और एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे, स्मार्ट स्ट्रीट लाइटिंग से तुरंत मरम्मत सुनिश्चित होगी, स्पीड कोर्ट और हाइब्रिड कोर्ट रूम बनाए जा रहे हैं। तिहाड़ जेल के स्थानांतरण पर भी गंभीर विचार चल रहा है। अंत में उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित दिल्ली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और राजधानी को सुरक्षित, समृद्ध व समावेशी बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।