नोएडा पुलिस का ‘ऑपरेशन पहचान’: दिल्ली चुनाव और गणतंत्र दिवस सुरक्षा को लेकर बढ़ाई गई सतर्कता
टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (17 जनवरी 2025): आगामी गणतंत्र दिवस, दिल्ली चुनाव और कुंभ मेले की सुरक्षा को लेकर नोएडा पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड पर है। गुरुवार को पुलिस ने ‘ऑपरेशन पहचान’ नामक अभियान की शुरुआत की, जिसके तहत क्षेत्र में व्यापक जांच और सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस अभियान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाना और संभावित अपराधों पर कड़ी नजर रखना है।
पुलिस द्वारा क्षेत्र की झुग्गी-झोपड़ियों और कॉलोनियों में टीमों का गठन कर गहन जांच की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखी गई। एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा सौम्या सिंह और दादरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों ने किराएदारों और उनके द्वारा काम पर रखे गए कर्मचारियों का सत्यापन करने के साथ-साथ मकान मालिकों को भी चेतावनी दी है।
पुलिस ने सभी मकान मालिकों को निर्देशित किया है कि वे बिना दस्तावेज सत्यापन के किसी भी व्यक्ति को किराए पर न रखें। यदि कोई मकान मालिक बिना सत्यापन के किराएदार रखता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे कड़ी सजा दी जाएगी। इस कार्रवाई से पुलिस यह सुनिश्चित करना चाहती है कि संदिग्ध व्यक्तियों का आवास और गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
इस अभियान के दौरान दिल्ली से सटे इलाकों जैसे खोड़ा और गाजियाबाद के बॉर्डर क्षेत्र में विशेष रूप से जांच तेज कर दी गई है। नोएडा जोन के डीसीपी राम बदन सिंह ने बताया कि ‘ऑपरेशन पहचान’ के तहत यह कदम गणतंत्र दिवस, दिल्ली चुनाव और कुंभ मेले के मद्देनजर उठाया गया है, ताकि इन बड़े आयोजनों से पहले सुरक्षा के सभी पहलुओं को सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा, और इसकी सफलता को सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।