नोएडा में SIR अभियान पर उठे सवाल: जागरूक मतदाताओं ने क्या कहा?

मेघा राजपूत, संवाददाता

Noida News (21/01/ 2026): चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के सत्यापन के उद्देश्य से SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से मतदाता सूची में दर्ज नामों की जांच और आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। हालांकि, गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा क्षेत्र में इस अभियान से जुड़ी कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आ रही हैं।

स्थानीय मतदाताओं का कहना है कि ऐसे कई मतदाता, जिनके नाम वर्षों से मतदाता सूची में दर्ज थे, उनके नाम अचानक सूची से हटा दिए गए हैं और अब उन्हें दोबारा फॉर्म-6 भरने के लिए कहा जा रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर टेन न्यूज़ नेटवर्क की टीम ने नोएडा के जागरूक मतदाताओं और समाजसेवियों से बातचीत की।

सेक्टर-34 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष केके जैन बोले लापरवाही का जिम्मेदार कौन

टेन न्यूज़ नेटवर्क से टेलीफोन पर बातचीत में नोएडा सेक्टर-34 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष केके जैन ने बताया कि उनके सेक्टर में कई लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के नाम वर्षों से वोटर लिस्ट में दर्ज थे, इस बार उनके नाम कट गए हैं और उन्हें दोबारा फॉर्म-6 भरना पड़ रहा है। केके जैन ने बताया कि उनकी आरडब्ल्यूए ने SIR अभियान में पूरा सहयोग किया, इसके बावजूद BLO की लापरवाही के चलते सेक्टर में यह समस्या सामने आई।

अभियान की जानकारी का अभाव, जल्दबाज़ी में हो रहा SIR: राजेश्वरी त्यागराजन

नोएडा सेक्टर-105 की निवासी एवं जागरूक मतदाता राजेश्वरी त्यागराजन ने कहा कि SIR अभियान क्या है और क्यों चलाया जा रहा है, इसकी पूरी जानकारी न तो इसे लागू करने वाले BLO को है और न ही आम मतदाताओं को।

उन्होंने कहा कि यह अभियान बहुत ही जल्दबाज़ी में चलाया जा रहा है, जबकि इसके लिए व्यापक और पर्याप्त समय की आवश्यकता है। उन्होंने यह भी कहा कि केवल सरकार की ही नहीं, बल्कि मतदाताओं की भी जिम्मेदारी बनती है कि वे जागरूक होकर इस अभियान में भाग लें। साथ ही सरकार को चाहिए कि वह आरडब्ल्यूए और सामाजिक संगठनों को साथ जोड़कर अभियान को और प्रभावी बनाए।

शिक्षकों से BLO का काम लेने पर आपत्ति, विशेष टीम गठन की मांग

राजेश्वरी त्यागराजन ने यह भी कहा कि SIR अभियान में BLO के रूप में अधिकतर शिक्षक लगाए गए हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने मांग की कि इस अभियान के लिए एक विशेष और प्रशिक्षित टीम गठित की जानी चाहिए, न कि शिक्षकों से यह अतिरिक्त कार्य करवाया जाए।

डोर-टू-डोर सत्यापन नहीं, सेक्टर-51 में बढ़ीं समस्याएं: संजीव कुमार

नोएडा सेक्टर-51 आरडब्ल्यूए के जनरल सेक्रेटरी संजीव कुमार ने बताया कि उनके सेक्टर में SIR अभियान के तहत कई कैंप लगाए गए, लेकिन BLO द्वारा सही ढंग से काम न करने के कारण समस्याएं और बढ़ गईं। उन्होंने कहा कि BLO ने डोर-टू-डोर संपर्क नहीं किया और केवल एक स्थान पर बैठकर औपचारिकता पूरी कर दी।

एक ही परिवार के अलग-अलग मतदान केंद्र, मतदाताओं में नाराज़गी

संजीव कुमार ने बताया कि सबसे बड़ी समस्या यह है कि जिन लोगों के नाम पहले से मतदाता सूची में थे, उनके नाम काट दिए गए हैं और उन्हें दोबारा फॉर्म भरना पड़ रहा है। इसके अलावा कई मामलों में एक ही परिवार के सदस्यों के वोट अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं, जबकि ऐसा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब शहरों में यह स्थिति है, तो ग्रामीण इलाकों की स्थिति और भी चिंताजनक हो सकती है।

बड़ा सवाल: वर्षों से दर्ज मतदाताओं से दोबारा फॉर्म-6 क्यों?

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिन मतदाताओं का नाम वर्षों से मतदाता सूची में दर्ज था, यदि किसी कारणवश उनका नाम कट जाता है, तो उन्हें दोबारा फॉर्म-6 भरने के लिए क्यों मजबूर किया जा रहा है? जब उनकी पूरी जानकारी पहले से मतदाता सूची में मौजूद है, तो पुनः आवेदन की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?

डीएम मेधा रूपम के नेतृत्व में प्रशासन का दावा, अभियान पारदर्शी

गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम के नेतृत्व में जिले में SIR अभियान तेज़ी और पारदर्शिता के साथ चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सभी पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करना उनकी प्राथमिकता है। हालांकि, सामने आ रही व्यावहारिक समस्याओं को दूर करते हुए अभियान को और बेहतर बनाने की ज़रूरत है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।