नोएडा इंजीनियर मौत मामला: SIT गठन पर मृतक के पिता ने जताया संतोष, मुख्यमंत्री से भेंट की जताई इच्छा

टेन न्यूज नेटवर्क

Gautam Buddha Nagar‌News (20/01/ 2026): नोएडा में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में योगी सरकार द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर मृतक के पिता राजकुमार मेहता ने संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा विशेष जांच टीम (SIT) के गठन से उन्हें न्याय की उम्मीद जगी है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि उनके बेटे की आत्मा को न्याय अवश्य मिलेगा। इसी क्रम में आज मंगलवार को मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नामजद आरोपी बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है।

आवश्यक सुरक्षा उपाय किए गए सुनिश्चित

मृतक युवराज मेहता के पिता राजकुमार मेहता ने बताया कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए घटनास्थल पर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से एक बार भेंट करने की इच्छा भी जताई है। राजकुमार मेहता ने कहा कि मुख्यमंत्री से मुलाकात होने पर उन्हें मानसिक शांति मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की ओर से उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया है।

तीन सदस्यीय एसआईटी कर रही जांच

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को नोएडा में हुई इस घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश पर एडीजी जोन मेरठ के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। यह टीम पांच दिनों के भीतर मामले की जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत करेगी।

बिल्डर की गिरफ्तारी, सख्त धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार को नामजद आरोपी बिल्डर अभय कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी रियल एस्टेट कंपनी एमजेड विजटाउन प्लानर्स लिमिटेड का सीईओ है।

अभय कुमार की गिरफ्तारी लापरवाही, गैर इरादतन हत्या और मानव जीवन को खतरे में डालने जैसी गंभीर धाराओं में दर्ज एफआईआर के आधार पर की गई है।

वहीं, योगी सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर भी कड़े कदम उठाए हैं। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को पद से हटा दिया गया है। इसके अलावा, ट्रैफिक सेल के अवर अभियंता नवीन कुमार को भी तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया था।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।