जल आपूर्ति की निगरानी होगी हाईटेक, ये खास सिस्टम लागू करने की तैयारी | Noida Authority

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (18/01/2026): नोएडा में जल आपूर्ति व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सटीक और प्रभावी बनाने के लिए नोएडा प्राधिकरण (Noida Authority) अब अत्याधुनिक क्लाउड आधारित रिमोट मॉनिटरिंग एंड मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने जा रहा है। इस नई व्यवस्था के तहत सेंसर आधारित तकनीक के माध्यम से प्रत्येक जल कनेक्शन की रियल टाइम जानकारी उपलब्ध होगी। इससे पानी की सप्लाई, टीडीएस स्तर, गंगाजल की उपलब्धता, नलकूपों और रैनीवेल के संचालन से जुड़े आंकड़े तुरंत प्राप्त किए जा सकेंगे।

प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना के लिए कंपनी का चयन इसी सप्ताह कर लिया जाएगा। छह जनवरी तक आवेदन आमंत्रित किए गए थे, जिसमें केवल एक कंपनी ने रुचि दिखाई। चूंकि यह तीसरी बार टेंडर प्रक्रिया अपनाई गई थी, इसलिए अब प्राप्त एकमात्र आवेदन को ही विचार में लिया जाएगा।

नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक आर.पी. सिंह ने बताया कि इस सिस्टम के लागू होने के बाद यह आसानी से पता चल सकेगा कि किस लाइन से किन क्षेत्रों या कितने घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। समस्या सामने आते ही उसके कारणों की पहचान कर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकेगी। जल विभाग इस नई तकनीक को पहले पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करेगा। इस पायलट योजना पर लगभग 1 करोड़ 80 लाख 97 हजार रुपये की लागत आने का अनुमान है। शुरुआत में इसे छह चुनिंदा सेक्टरों में लागू किया जाएगा।

सेक्टर-14, 14ए, 15, 15ए, 16 और 16ए को पायलट प्रोजेक्ट के लिए चुना गया है। इन सभी सेक्टरों की जल आपूर्ति लाइनों, भूमिगत और ओवरहेड टैंकों, नलकूपों तथा यमुना किनारे स्थित रैनीवेल्स को इस सिस्टम से जोड़ा जाएगा। साथ ही, उन सभी प्रवेश बिंदुओं पर रिमोट सेंसर लगाए जाएंगे, जहां से पानी की आपूर्ति विभिन्न दिशाओं में विभाजित होती है।

चयनित कंपनी को यह संपूर्ण मॉनिटरिंग सिस्टम छह महीनों के भीतर स्थापित करना होगा। इसके बाद प्राधिकरण को नियमित रूप से डेटा मिलना शुरू हो जाएगा। चूंकि यह एक पायलट प्रोजेक्ट है, इसलिए शुरुआती चरण में इसकी निगरानी स्वयं कंपनी करेगी और संकलित आंकड़े प्राधिकरण को सौंपेगी। यदि यह प्रयोग सफल रहता है, तो भविष्य में इस प्रणाली को नोएडा की पूरी जल आपूर्ति व्यवस्था में लागू किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।