GREATER NOIDA News (17/01/2026): थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में घने कोहरे और बेहद कम दृश्यता के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। सेक्टर-150 मोड़ पर तेज रफ्तार कार चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया, जिसके बाद कार नाले की बाउंड्री तोड़ते हुए सीधे एक निर्माणाधीन मॉल के बेसमेंट में जा गिरी। बेसमेंट में पहले से भरे भारी मात्रा में पानी के कारण कार सवार युवक बाहर नहीं निकल सका और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा 16 और 17 जनवरी की दरमियानी रात का बताया जा रहा है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय युवराज मेहता के रूप में हुई है, जो सेक्टर-150 नोएडा का ही रहने वाला था। बताया जा रहा है कि युवराज रात के समय घर लौट रहा था। कोहरे के कारण सड़क पर दृश्यता बेहद कम थी और तेज रफ्तार के चलते कार अचानक अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते वाहन नाले की बाउंड्री को तोड़ते हुए नीचे गिर गया।
घटना की जानकारी सुबह स्थानीय लोगों को लगी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस की पीआरवी टीम मौके पर पहुंची। हालात की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ (NDRF) की टीमों को बुलाया गया। बेसमेंट में पानी भरा होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन चुनौतीपूर्ण रहा। स्थानीय गोताखोरों की भी मदद ली गई।
घंटों तक चले सर्च और रेस्क्यू अभियान के बाद एनडीआरएफ की टीम ने कार सवार युवक को बाहर निकाला, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे की खबर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि युवराज मेहता अपने पिता राजकुमार मेहता का इकलौता सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
एडीसीपी ग्रेटर नोएडा सुधीर कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एजेंसियों को मौके पर भेजा गया था। युवक को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए गए, लेकिन बेसमेंट में पानी अधिक होने के कारण स्थिति बेहद कठिन थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह घना कोहरा और कम विजिबिलिटी सामने आई है।
इस हादसे के बाद निर्माणाधीन मॉल और नाले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पर्याप्त बैरिकेडिंग और चेतावनी संकेत लगे होते, तो शायद इस तरह की घटना टाली जा सकती थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य पहलुओं पर भी नजर रखी जा रही है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।