ग्रेटर नोएडा में LOHUM का हरित अभियान, 60 से अधिक स्कूल हुए शामिल | Jaypee Public School
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (17/01/2026): बचपन से ही विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति समझ और जिम्मेदारी विकसित करने के उद्देश्य से जेपी पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा (Jaypee Public school, Greater Noida) में प्रिंसिपल मीट 2026 (Principal Meet) का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 60 से अधिक स्कूलों के प्रधानाचार्य, शिक्षाविद और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ शामिल हुए। आयोजन का मुख्य उद्देश्य स्कूल शिक्षा में पर्यावरण संरक्षण, सस्टेनेबिलिटी और अनुभव आधारित शिक्षा को प्रभावी रूप से शामिल करने पर विचार-विमर्श करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलराज मिश्रा, पूर्व राज्यपाल एवं केंद्रीय मंत्री (भारत सरकार) रहे। वहीं डॉ. आर. के. भारती, संयुक्त निदेशक तथा शैलेन्द्र कुमार भाटिया, आईएएस, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA), विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

यह मंच शिक्षा जगत और उद्योग जगत के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बना। कार्यक्रम का नेतृत्व LOHUM और देशभर में IIT-JEE, NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाली शिक्षण संस्था ध्रुव क्लासेज द्वारा किया गया। चर्चा का केंद्र बिंदु यह रहा कि किस प्रकार स्कूल स्तर पर ही विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सकता है।

बैठक के दौरान स्कूलों में अपनाई जा सकने वाली सस्टेनेबिलिटी प्रैक्टिस, बैटरी वेस्ट मैनेजमेंट और रीसाइक्लिंग, राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत अनुभव आधारित शिक्षा, तथा छात्रों को व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यावरण से जोड़ने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। LOHUM, जो टिकाऊ क्रिटिकल मिनरल्स और एडवांस्ड मटीरियल्स का एक प्रमुख वैश्विक उत्पादक है, के सहयोग से यह संदेश दिया गया कि शिक्षा को भविष्य के अनुरूप बनाने में उद्योग की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

मुख्य अतिथि कलराज मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए आने वाली पीढ़ी को अभी से तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा, स्कूलों में सस्टेनेबिलिटी और व्यवहारिक ज्ञान को शामिल कर हम जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण कर सकते हैं। इस तरह के आयोजन एक हरित, आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति सजग भारत की नींव मजबूत करते हैं।
टेन न्यूज से बातचीत में कलराज मिश्रा ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्योग और पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने पर केंद्रित था। उन्होंने कहा, शिक्षा नीति में ऐसी व्यवस्थाएं की गई हैं, जिनसे उद्योग, पर्यावरण और शिक्षा—तीनों के बीच समन्वय स्थापित हो सके। इसी समन्वय के आधार पर हम देश को सुरक्षित रख सकते हैं और भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी संस्थानों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक चेतना जगाने की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
इस दौरान एक अलग विषय पर प्रतिक्रिया देते हुए कलराज मिश्रा ने मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस विधायक के उस बयान की कड़ी आलोचना की, जिसमें महिलाओं के साथ बलात्कार जैसे जघन्य अपराध को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के बयान विकृत मानसिकता को दर्शाते हैं और समाज के लिए बेहद घातक हैं।

जेपी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य मीता भंडुला ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं रह सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि,सस्टेनेबिलिटी की शिक्षा अब कोई विकल्प नहीं, बल्कि समय की जरूरत है। बच्चों को वास्तविक जीवन की पर्यावरणीय चुनौतियों से जोड़ना होगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण उनकी सोच और व्यवहार का हिस्सा बन सके।
कार्यक्रम का एक प्रमुख विषय बैटरी कचरा और रीसाइक्लिंग रहा। इस सत्र में प्रधानाचार्यों को यह बताया गया कि किस प्रकार बच्चों को जिम्मेदार उपभोग, कचरा प्रबंधन और रीसाइक्लिंग के प्रति जागरूक किया जा सकता है। इंटरएक्टिव सत्रों के माध्यम से यह समझाया गया कि अनुभव आधारित शिक्षा बच्चों को इन जटिल विषयों को सरल और प्रभावी ढंग से समझने में मदद करती है।
इस अवसर पर LOHUM के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट चेतन जैन ने कहा, आज के बच्चे ही कल के बदलाव के वाहक हैं। यदि उन्हें स्कूल स्तर पर ही सस्टेनेबिलिटी और रीसाइक्लिंग की सही समझ दी जाए, तो हम एक ऐसी पीढ़ी तैयार कर सकते हैं जो संसाधनों के महत्व को समझे और जिम्मेदार नवाचार की दिशा में आगे बढ़े। उन्होंने यह भी कहा कि LOHUM बैटरी रीसाइक्लिंग और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी शैक्षणिक पहलों का लगातार समर्थन करता रहेगा, ताकि उद्योग का व्यावहारिक अनुभव सीधे कक्षा तक पहुंच सके।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेन्द्र भाटिया ने कहा कि, भारत हमेशा से मानव संसाधन में अग्रणी रहा है और हर व्यक्ति में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। उन्होंने कहा, छोटा सपना देखना अपराध है। बच्चों और युवाओं में छिपी क्षमताओं को पहचानना, उन्हें स्किल देना और सकारात्मक सोच विकसित करना अब अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि केवल पढ़ाई और डिग्री पर्याप्त नहीं हैं; उद्योग, स्टार्टअप और उद्यमिता के लिए योग्य और स्किल्ड लोग जरूरी हैं। उन्होंने शिक्षकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रेरित करें, उनके सपनों की दिशा तय करें और उन्हें व्यवहारिक कौशल सिखाएं ताकि वे समाज और देश के विकास में योगदान दे सकें।
डॉ. आर. के. भारती, डायरेक्टर, एमएसएमई ने कहा कि, मनुष्य का अधिकांश मस्तिष्क नकारात्मकता में उलझा रहता है, जबकि सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाकर और दूसरों की अच्छी क्षमताओं को पहचानकर व्यक्ति स्वयं को बेहतर बना सकता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में कोई न कोई विशेष गुण होता है, जिसे पहचानना और विकसित करना आवश्यक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता केवल उच्च शिक्षा से नहीं, बल्कि व्यावहारिक सोच, कौशल और जोखिम लेने की क्षमता से मिलती है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से हर छात्र की प्रतिभा को पहचानने और उसे आगे बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सरकार, शिक्षा और उद्योग के समन्वय को युवाओं के भविष्य और देश के विकास के लिए अनिवार्य बताया।

ध्रुव क्लासेज के निदेशक पवन राय ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल IIT, NEET या NDA जैसी परीक्षाओं में सफलता दिलाना नहीं है, बल्कि समाज के लिए जिम्मेदार, जागरूक और संवेदनशील नागरिकों का निर्माण करना भी है। उन्होंने बताया कि LOHUM जैसी संस्थाओं के सहयोग से स्कूल-इंडस्ट्री पार्टनरशिप राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों को पूरा करने में अहम भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम का समापन इस सामूहिक संकल्प के साथ हुआ कि सभी सहभागी स्कूल अपने-अपने संस्थानों में पर्यावरण जागरूकता और सस्टेनेबिलिटी से जुड़े कार्यक्रमों को सक्रिय रूप से अपनाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण बच्चों के समग्र विकास का अभिन्न हिस्सा बन सके।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।