कॉमनवेल्थ सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी बोले – भारत ने विविधता को लोकतंत्र की ताकत बनाया

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (15 January 2026): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) कॉमनवेल्थ के स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स के 28वें सम्मेलन, 2026 में हिस्सा लेने के लिए संसद पहुंचे। उन्होंने संविधान सदन के सेंट्रल हॉल में इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभिन्न देशों के संसद अध्यक्ष और पीठासीन अधिकारी मौजूद रहे, जिनके सामने प्रधानमंत्री ने भारत के लोकतांत्रिक सफर, संसदीय परंपराओं और समावेशी विकास के दृष्टिकोण को रेखांकित किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने सेंट्रल हॉल के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यही वह स्थान है जहां गुलामी के अंतिम वर्षों में भारत के संविधान निर्माण के लिए संविधान सभा की ऐतिहासिक बैठकें हुई थीं। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद करीब 75 वर्षों तक यही इमारत भारत की संसद रही और इसी हॉल में देश के भविष्य से जुड़े अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए। लोकतंत्र को समर्पित इस विरासत को भारत ने “संविधान सदन” का नाम देकर सम्मान दिया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चौथा अवसर है जब कॉमनवेल्थ स्पीकर्स और प्रेसाइडिंग ऑफिसर्स की कॉन्फ्रेंस भारत में आयोजित हो रही है। इस बार सम्मेलन का मुख्य विषय “संसदीय लोकतंत्र की प्रभावी डिलीवरी” रखा गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के समय यह आशंका जताई जाती थी कि इतनी विविधता वाला देश लोकतंत्र को लंबे समय तक नहीं संभाल पाएगा, लेकिन भारत ने विविधता को अपने लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत में बदलकर दुनिया के सामने एक मजबूत उदाहरण पेश किया है।

पीएम मोदी ने भारत की आर्थिक और तकनीकी प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि भारत में यूपीआई दुनिया का सबसे बड़ा डिजिटल पेमेंट सिस्टम बन चुका है, भारत दुनिया का सबसे बड़ा वैक्सीन उत्पादक है और स्टील उत्पादन में दूसरे स्थान पर है। इसके साथ ही भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम, तीसरा सबसे बड़ा एविएशन मार्केट, चौथा सबसे बड़ा रेल नेटवर्क और तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो रेल नेटवर्क है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत में लोकतंत्र की असली पहचान यह है कि विकास और कल्याण का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के लोक कल्याण की भावना से काम कर रही है और इसी सोच के कारण बीते कुछ वर्षों में देश में करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत का लोकतांत्रिक मॉडल वैश्विक मंच पर प्रेरणा बना रहेगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।