बादलपुर थाना पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़: दोनों बदमाश गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (15 जनवरी 2024): ग्रेटर नोएडा के बादलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। एनटीपीसी तिराहा मार्केट के पास चेकिंग अभियान के दौरान दो संदिग्ध बाइक सवार बदमाशों को रोकने की कोशिश पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है और मामले की जांच जारी है।

सेंट्रल नोएडा जोन के एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि बादलपुर थाना पुलिस बुधवार सुबह एनटीपीसी तिराहा मार्केट के पास चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देख दोनों बदमाश तेजी से भागने लगे। शक होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। भागने के दौरान बदमाशों की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। घिर जाने पर बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाशों की पहचान बिलाल (पुत्र असलम) और तबरेज (पुत्र जहीर) के रूप में हुई है, जो नई आबादी, थाना दादरी, ग्रेटर नोएडा के निवासी हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से 20,005 रुपये, चोरी का बैग, एक मोटरसाइकिल, एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने 10 जनवरी को ग्राम राजतपुर में एक फैक्ट्री के गेट पर खड़ी गाड़ी से पैसे से भरा बैग चोरी करने की बात कबूल की है। पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है और उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि इस मुठभेड़ से क्षेत्र में चोरी और अन्य अपराधों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। अधिकारियों ने स्थानीय निवासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।