योगी सरकार ने YEIDA CEO डॉ. अरुणवीर सिंह को सातवीं बार दिया सेवा विस्तार
टेन न्यूज नेटवर्क
ग्रेटर नोएडा (15 जनवरी 2024): यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह को एक बार फिर सेवा विस्तार दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी जैसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया। डॉ. अरुणवीर सिंह अब 30 जून 2025 तक यमुना प्राधिकरण के सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
डॉ. अरुणवीर सिंह, जो 30 जून 2019 को अपनी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार पर हैं, को सातवीं बार इस पद पर बनाए रखने का निर्णय लिया गया है। उनका कार्यकाल शुरुआत में केवल एक वर्ष के लिए बढ़ाया गया था, लेकिन परियोजनाओं की निरंतरता और उनके ईमानदार व कुशल नेतृत्व को देखते हुए इसे हर बार आगे बढ़ाया गया।
डॉ. अरुणवीर सिंह की नियुक्ति ऐसे समय में हुई थी जब नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और फिल्म सिटी प्रोजेक्ट्स प्रारंभिक चरण में थे। उनके नेतृत्व में जमीन अधिग्रहण और टेंडर प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए गए।
1959 में उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले (अब सिद्धार्थनगर) में जन्मे डॉ. अरुणवीर सिंह ने 30 जून 2019 को 60 वर्ष की उम्र में सेवानिवृत्ति प्राप्त की थी। वे 2006 में प्रशासनिक सेवा (पीसीएस) से पदोन्नत होकर आईएएस अधिकारी बने थे। सेवानिवृत्ति के बाद, जब उन्हें सेवा विस्तार का प्रस्ताव दिया गया, तो उन्होंने इसे पहले अस्वीकार कर दिया था।
डॉ. अरुणवीर सिंह ने 2019 में सेवा विस्तार लेने में हिचकिचाहट दिखाई थी। उनका मानना था कि अगर उन्हें छह महीने का विस्तार दिया गया, तो यह संदेह पैदा हो सकता है कि यह केवल एयरपोर्ट के टेंडर प्रक्रिया के लिए किया गया है। इसके बाद राज्य सरकार ने उन्हें दो साल की पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव दिया। तब से, उनका कार्यकाल लगातार बढ़ाया जा रहा है।
डॉ. अरुणवीर सिंह की कार्यशैली और ईमानदारी ने सरकार का विश्वास अर्जित किया है। उनकी भूमिका यमुना प्राधिकरण और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जैसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स की सफलता में अहम रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह निर्णय इन परियोजनाओं को और गति देने के उद्देश्य से लिया गया है। डॉ. अरुणवीर सिंह अब 30 जून 2025 तक यमुना विकास प्राधिकरण के सीईओ पद पर अपनी जिम्मेदारियों को निभाते रहेंगे।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।