IBA, GNIDA और पुलिस की साझेदारी से महिला सशक्तिकरण व श्रम कानून जागरूकता अभियान | मिशन शक्ति 5.0

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (10/01/2025): महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिज़नेस एसोसिएशन (IBA) और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) के संयुक्त तत्वावधान में मिशन शक्ति 5.0 एवं फैक्ट्री–शॉप एक्ट जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नरेट गौतम बुद्ध नगर तथा फैक्ट्री एवं शॉप एक्ट विभाग का भी सहयोग रहा।

यह जागरूकता शिविर 9 जनवरी 2026 को दोपहर 3 बजे इकोटेक-3 स्थित आर्या फैशन्स परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 से अधिक महिलाएं और 70 से 80 उद्यमी शामिल हुए। शिविर का उद्देश्य महिला कर्मचारियों और श्रमिकों को उनके अधिकारों, सुरक्षा मानकों, कल्याणकारी योजनाओं तथा फैक्ट्री एवं शॉप एक्ट में पंजीकरण की अनिवार्यता और उससे जुड़े औद्योगिक व आर्थिक लाभों की जानकारी देना रहा।

कार्यक्रम में GNIDA के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) गौतम बुद्ध नगर मनीषा सिंह अति विशिष्ट अतिथि रहीं। GNIDA की विशेष कार्य अधिकारी अर्चना द्विवेदी तथा फैक्ट्री एक्ट विभाग के सहायक निदेशक अंशुल तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय और कार्यकारिणी सदस्यों ने सभी अतिथियों का पारंपरिक स्वागत कर उन्हें स्मृति चिह्न और प्लांटर भेंट किए।

इस अवसर पर समाज और उद्योग जगत में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं, औद्योगिक इकाइयों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिला कर्मचारियों, GNIDA की महिला सफाई कर्मियों और फैक्ट्रियों में कार्यरत महिला श्रमिकों को मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि सुमित यादव ने कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना प्रशासन और उद्योग दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि GNIDA औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक सुविधा केंद्रों, सार्वजनिक शौचालयों और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने GNIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन. जी. रवि कुमार के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रेटर नोएडा की पहचान उसके उद्योगों से है और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्राधिकरण पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में डॉ. खुशबू सिंह द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी थानों में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिला सुरक्षा कर्मी तैनात हैं और जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

सहायक निदेशक कारखाना अंशुल तिवारी ने फैक्ट्री और शॉप एक्ट में पंजीकरण की प्रक्रिया, इसकी सरलता और अनिवार्यता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पंजीकरण उद्योगों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करता है और राज्य सरकार के आर्थिक लक्ष्यों, विशेषकर एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि, महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता ही सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति 5.0 उद्योग, प्रशासन और समाज की संयुक्त जिम्मेदारी है और फैक्ट्री–शॉप एक्ट में पंजीकरण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि श्रमिक अधिकारों और उद्योगों की दीर्घकालिक स्थिरता का आधार है। IBA आगे भी जागरूकता और सरल अनुपालन के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए IBA की वाइस प्रेसिडेंट डॉ. खुशबू सिंह को पुलिस उपायुक्त द्वारा सम्मानित किया गया। डॉ. खुशबू सिंह, IBA वाइस प्रेसिडेंट एस. के. शर्मा और नरेश चौहान ने इस आयोजन को जिम्मेदार औद्योगिक वातावरण और महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

कार्यक्रम में GNIDA और पुलिस विभाग के अधिकारी, टेन न्यूज़ नेटवर्क के संस्थापक गजानन माली, वरिष्ठ पत्रकार मेधा राजपूत सहित कई मीडिया प्रतिनिधि, IBA कार्यकारिणी सदस्य, महिला कर्मचारी और उद्यमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय और कोषाध्यक्ष राकेश ने GNIDA, पुलिस कमिश्नरेट, मीडिया प्रतिनिधियों, IBA टीम और आयोजन में सहयोग देने वाले आर्या फैशन्स के निदेशक अभिषेक चौहान का आभार व्यक्त किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।