नेता प्रतिपक्ष आतिशी मार्लेना की सदस्यता रद्द करने की मांग, दिल्ली सरकार के मंत्रियों ने स्पीकर से की मुलाकात

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (07 January 2026): दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान दूसरे दिन की कार्यवाही में विपक्ष की नेता आतिशी मार्लेना द्वारा दिए गए बयान को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। सदन के भीतर दिए गए वक्तव्य को लेकर भाजपा विधायकों ने कड़ा विरोध जताया और इसे असंसदीय, अमर्यादित और सदन की गरिमा के खिलाफ बताया। इसी मुद्दे पर दिल्ली सरकार में मंत्री मनिंदर सिंह सिरसा, प्रवेश वर्मा, कपिल मिश्रा सहित अन्य विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को एक औपचारिक पत्र सौंपा है।

भाजपा विधायकों द्वारा सौंपे गए पत्र में 6 जनवरी 2026 को हुई विधानसभा कार्यवाही का जिक्र किया गया है। पत्र के अनुसार, दिल्ली विधानसभा में नियम 270 के अंतर्गत चल रही विशेष चर्चा के दौरान विपक्ष की नेता आतिशी मार्लेना ने अपनी सीट से खड़े होकर ऐसे शब्दों और वाक्यों का प्रयोग किया, जिन्हें शब्दशः दर्ज करना भी संभव नहीं बताया गया है। विधायकों का आरोप है कि यह भाषा अत्यंत अशिष्ट, शर्मनाक और मर्यादा के विपरीत थी।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि देश की आज़ादी के बाद से अब तक किसी भी विधानसभा या संसद में किसी माननीय सदस्य द्वारा किसी “गुरु” को लेकर इस तरह की असभ्य और अमर्यादित टिप्पणी का उदाहरण नहीं मिलता। भाजपा नेताओं का कहना है कि विधानसभा जैसे गरिमामय मंच पर इस प्रकार की भाषा न केवल सदन की परंपराओं को ठेस पहुंचाती है, बल्कि समाज में भी गलत संदेश देती है।

विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष से इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पत्र में तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं पहली, आतिशी मार्लेना के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए; दूसरी, उन्हें दिल्ली विधानसभा की सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निलंबित या समाप्त किया जाए; और तीसरी, अध्यक्ष को दिए गए अधिकारों का प्रयोग करते हुए सदन की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त निर्णय लिया जाए।
मंत्री मनिंदर सिंह सिरसा और अन्य भाजपा नेताओं का कहना है कि दिल्ली विधानसभा कोई राजनीतिक बयानबाज़ी या अपमानजनक भाषा का मंच नहीं, बल्कि लोकतंत्र का एक पवित्र सदन है। पत्र में यह भी लिखा गया है कि जो लोग गुरु और गुरु परंपरा का अपमान करते हैं, उनके लिए यह सदन नहीं बल्कि इतिहास और जनता का न्याय फैसला करेगी।

दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी की ओर से इस पूरे विवाद को राजनीति से प्रेरित बताया जा रहा है। पार्टी का कहना है कि आतिशी मार्लेना ने दिल्ली के गंभीर मुद्दों, खासकर प्रदूषण और जनस्वास्थ्य को लेकर अपनी बात रखी थी, लेकिन सत्तापक्ष उन मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए बयान को विवादित बना रहा है।

बता दें कि, आतिशी मार्लेना ने अपने बयान में कहा था कि “दिल्ली के लोग सांस नहीं ले पा रहे हैं अध्यक्ष महोदय, आप उसको चर्चा का मुद्दा बनाइए। पहले आप उस पर चर्चा करिए। आज यह दिल्ली के लोगों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है, दिल्ली के लोग साँस लेने के लिए मर रहे हैं। दिल्ली के लोग प्रदूषण से मर रहे हैं। आप दिल्ली के लोगों की आवाज़ को दबा नहीं सकते हैं अध्यक्ष महोदय। आप पहले इस पर चर्चा करवाईए, सबसे पहले प्रदूषण पर चर्चा करवाईए, मत बचाइए अपनी सरकार को, पहले इस पर चर्चा कराइए अध्यक्ष महोदय । आप चर्चा कराइए, भाग ले रहे हैं सब। कहते हैं कुतों का सम्मान करो, गुरु का सम्मान करो। अध्यक्ष महोदय आप चर्चा कराइए।”

फिलहाल विधानसभा अध्यक्ष ने विधायकों के पत्र को संज्ञान में ले लिया है और मामले पर नियमानुसार विचार करने की बात कही है। अब यह देखना अहम होगा कि अध्यक्ष इस पूरे विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं और क्या विपक्ष की नेता आतिशी मार्लेना के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक या कानूनी कार्रवाई की जाती है। इस घटनाक्रम से साफ है कि शीतकालीन सत्र के आने वाले दिन भी राजनीतिक टकराव से भरे रह सकते हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।