Delhi Election: दिल्ली चुनाव में बांटे जा रहे पैसे, अरविंद केजरीवाल ने की खास अपील
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (14 जनवरी, 2025): दिल्ली में जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप तेज़ हो गए हैं। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
केजरीवाल ने कहा, “बीजेपी के पास कोई ठोस मुद्दा या नैरेटिव नहीं है। जहां-जहां ये जा रहे हैं, लोग पूछ रहे हैं कि हमारे पैसे कहां हैं। ऊपर से पार्टी जो सामान जैसे जूते, साड़ी, कंबल, चद्दर भेज रही है, वो लोगों तक पहुंच ही नहीं रहा है। एक मोहल्ले में सामान बांटा जा रहा है, जबकि दूसरे में नहीं। इस वजह से लोग अपना हक मांग रहे हैं।”
उन्होंने यह भी कहा, “ऐसी खबरें हैं कि जो लोग लड़ने-झगड़ने के लिए दफ्तर जा रहे हैं, उन्हीं को सामान दिया जा रहा है। वहीं, सुनने में आया है कि सोने की चेन बांटी जा रही है, लेकिन जनता तक वो भी नहीं पहुंच रही। इनके नेता खुलेआम कह रहे हैं कि वो दिल्ली वालों का वोट खरीद लेंगे।”
केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से अपील करते हुए कहा, “दिल्ली शरीफों का शहर है। दिल्ली वालों से कहना चाहूंगा कि अपना वोट बिकने मत देना। दिल्ली की जनता बिकाऊ नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा, “अगर ये लोग कपड़े, साड़ी, जैकेट दें, तो उसे जरूर ले लेना, इन्हें बर्बाद कर देना, लेकिन इन्हें अपना वोट मत देना। अगर आम आदमी पार्टी का कोई उम्मीदवार भी पैसे बांटे या कुछ भी बांटे, तो उसे भी वोट मत देना और हराना।”
केजरीवाल ने कहा, “इन गुंडों को दिखा दो इस बार कि दिल्ली की जनता बिकाऊ नहीं है। इन्हें बहुत अहंकार हो गया है।”
दिल्ली में चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ आम आदमी पार्टी का ग्राफ भी ऊपर जाता दिखाई दे रहा है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।