आयकर विभाग ने रियल एस्टेट सेक्टर में टैक्स चोरी के खिलाफ शुरू की जांच, कई बिल्डर्स रडार पर!

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (14 जनवरी 2024): जिले में रियल एस्टेट सेक्टर में बड़े पैमाने पर हो रही टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद आयकर विभाग ने अपनी जांच तेज कर दी है। विभाग के सूत्रों के मुताबिक, कई बिल्डर्स और उनके प्रोजेक्ट्स अब आयकर विभाग के रडार पर हैं। विभाग ने इन प्रोजेक्ट्स के वित्तीय लेनदेन और गतिविधियों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, जिन व्यक्तियों ने बिल्डर्स के प्रोजेक्ट्स में निवेश किया है या अन्य तरीकों से पैसे का लेन-देन किया है, वे भी इस जांच के दायरे में आ सकते हैं।

आयकर विभाग की जांच में कई मामलों में यह सामने आया है कि बिल्डर्स फ्लैट की बड़ी रकम नकद में लेते हैं, जो कि टैक्स चोरी का प्रमुख कारण बन चुका है। विभाग ने पाया कि कई मामलों में नकद लेन-देन को छिपाने के लिए कागजी दस्तावेजों में हेरफेर और फर्जी सौदे दिखाए जाते हैं, ताकि यह टैक्स अधिकारियों से छुपे रहें।

विभाग सिर्फ बिल्डर्स के खातों तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि उन खरीदारों की भी जांच करेगा जिन्होंने कथित तौर पर बड़ी मात्रा में काले धन का इस्तेमाल किया है। विभाग यह जानने का प्रयास करेगा कि इन खरीदारों ने किस प्रकार से प्रोजेक्ट्स में पैसे का निवेश किया और उनकी वित्तीय गतिविधियों का क्या स्वरूप था।

यह पहली बार नहीं है जब आयकर विभाग ने रियल एस्टेट सेक्टर में टैक्स चोरी के खिलाफ जांच शुरू की है। विभाग समय-समय पर इस क्षेत्र में टैक्स चोरी की जांच करता रहा है और कुछ मामलों में सफलतापूर्वक कार्रवाई भी की है। हाल ही में, कुछ बिल्डर्स के यहां छापेमारी के दौरान करोड़ों रुपये की अघोषित संपत्तियां भी बरामद की गई थीं।

सूत्रों का कहना है कि इस बार विभाग की जांच का दायरा पहले से कहीं अधिक बड़ा हो सकता है। जिन बिल्डर्स और खरीदारों के लेन-देन संदिग्ध पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह कदम रियल एस्टेट सेक्टर में पारदर्शिता और कर अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। विभाग का उद्देश्य इस क्षेत्र को टैक्स चोरी से मुक्त करना और टैक्स पेराडाइज को खत्म करना है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।