NOIDA News (30/12/2025): नोएडा के सेक्टर-145 स्थित डंपिंग यार्ड में बैग के अंदर बरामद हुई युवती की लाश का रहस्य अभी तक बरकरार है। कई दिनों बाद भी मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके चलते पुलिस ने जांच का दायरा और व्यापक कर दिया है। अब पुलिस की निगाहें दिल्ली से नोएडा की ओर आने वाले कूड़ा डंपरों और अन्य संदिग्ध वाहनों पर टिकी हैं। इसके लिए इंटीग्रेटेड स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आईएसटीएमएस) की मदद ली जा रही है, जिससे पहले भी जघन्य मामलों में अहम सुराग मिल चुके हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डंपिंग यार्ड में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कचरा लाने और ले जाने वाले वाहनों का विस्तृत डेटा एकत्र किया जा रहा है। नोएडा में कूड़ा उठाने और निस्तारण की जिम्मेदारी एजी एनवायरो एजेंसी के पास है, जिनके सभी वाहन जीपीएस सिस्टम से लैस हैं। पुलिस इन वाहनों के रूट, समय और गतिविधियों की बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही वाहन चालकों को उस बैग की तस्वीरें दिखाकर पूछताछ की जा रही है, जिसमें शव बरामद हुआ था।
जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने दिल्ली-नोएडा सीमा के प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। हरि दर्शन बॉर्डर के अलावा झुंडपुरा बॉर्डर, कालिंदी कुंज और डीएनडी फ्लाईवे के कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई है। फुटेज की जांच के दौरान कुछ कूड़ा ढोने वाले वाहन संदिग्ध नजर आए हैं, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है।
जांच में सामने आया है कि शव को छिपाने के लिए जिस प्रकार के बैग का इस्तेमाल किया गया है, वह सामान्य घरेलू उपयोग के बजाय फैक्ट्री या थोक माल ढुलाई में प्रयोग होने वाला प्रतीत हो रहा है। इसके अलावा युवती के हाथ-पैर बांधने के लिए इस्तेमाल की गई चार से पांच इंच चौड़ी सफेद पट्टी भी औद्योगिक इकाइयों में इस्तेमाल होने वाले सामान की ओर संकेत कर रही है। इससे आशंका जताई जा रही है कि आरोपी का संबंध किसी फैक्ट्री या औद्योगिक क्षेत्र से हो सकता है।
डंपिंग यार्ड में प्रवेश के लिए केवल एक ही गेट है, जिससे यह संभावना और मजबूत हो गई है कि शव कूड़े के डंपर के माध्यम से यार्ड तक पहुंचाया गया हो। हालांकि पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि कहीं किसी ने सुनसान का फायदा उठाकर शव को यहां फेंका तो नहीं।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पुलिस की छह विशेष टीमें शव की पहचान और आरोपियों की तलाश में लगातार काम कर रही हैं। तकनीकी साक्ष्यों के साथ-साथ मानवीय खुफिया तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। उन्होंने दावा किया कि हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही इस सनसनीखेज मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल यह मामला पुलिस के लिए एक चुनौती बना हुआ है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि तकनीक और गहन जांच के जरिए जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।