अमर शहीद ऊधम सिंह की जयंती पर दादरी में राष्ट्रभक्ति से सराबोर विराट कवि सम्मेलन का आयोजन
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (28/12/2025): अमर शहीद सरदार ऊधम सिंह जी की 126वीं जयंती के पावन अवसर पर दादरी स्थित सेंट हुड कॉन्वेंट स्कूल के भव्य प्रांगण में राष्ट्रभक्ति और साहित्यिक चेतना से ओत-प्रोत एक विराट कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “अपना अधिकार जनहित समिति (रजि.)” के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें काव्य, क्रांति और संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात देश के विभिन्न राज्यों से पधारे प्रतिष्ठित कवियों एवं कवयित्रियों ने वीर रस, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी अपनी रचनाओं के माध्यम से अमर बलिदानी ऊधम सिंह जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कविताओं की ओजस्वी प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह में देशभक्ति की भावना को और अधिक प्रखर कर दिया।

कार्यक्रम संयोजक एडवोकेट अभिषेक मैत्रेय ने जानकारी देते हुए बताया कि कवि सम्मेलन में मनोज गर्ग, सुधीर वत्स, मुकेश दक्ष, ज्योति उपाध्याय, सरला मिश्रा, वैष्णवी, वी.पी. वशिष्ठ, भगवत प्रसाद शर्मा, अली हसन मकरेडिया, दक्ष आरोही, यश दीप कौशिक, पंकज राणा, विजय विकास तथा नन्हे कवि ने अपनी सशक्त और भावनात्मक काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस गरिमामयी साहित्यिक आयोजन की अध्यक्षता बार काउंसिल अध्यक्ष शिव किशोर गौड़ ने की, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष सतेंद्र शिक्षोदिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में दादरी विधायक तेजपाल नागर, नगर पालिका अध्यक्ष गीता पंडित सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, अधिवक्ता, चिकित्सक, व्यापारी संगठन, पत्रकार और विशिष्ट नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों को सम्मानित भी किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या आशा शर्मा एवं डी निदेशक संदीप शर्मा ने इस आयोजन को विद्यालय एवं नगर के इतिहास का सबसे भव्य, अनुशासित और प्रेरणादायक सांस्कृतिक कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवा पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, साहित्यिक चेतना और सामाजिक एकता की भावना को बल मिलता है। समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयास से यह कवि सम्मेलन न केवल साहित्यिक दृष्टि से सफल रहा, बल्कि राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का एक अविस्मरणीय प्रतीक बनकर उभरा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।