बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ VHP का नोएडा में विशाल विरोध प्रदर्शन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (25 December 2025): बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के विरुद्ध हो रही लक्षित हिंसा, हत्याओं और कथित अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप), नोएडा महानगर द्वारा बुधवार को एक जोरदार और विशाल विरोध प्रदर्शन यात्रा का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में हिंदू समाज के सभी वर्गों ने एकजुट होकर आक्रोश व्यक्त किया और केंद्र सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की।

विरोध प्रदर्शन यात्रा प्रातः 11:30 बजे नोएडा स्टेडियम (गेट नंबर-4, सेक्टर 21A) से प्रारंभ हुई। यह यात्रा सेक्टर-20 थाना, बीएसएनएल चौराहा होते हुए जिलाधिकारी (DM) चौराहा, सेक्टर-27 तक पहुंची। डीएम चौराहे पर प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के राष्ट्रपति यूनुस खान का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। पूरे मार्ग में बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ नारेबाजी होती रही।

इस प्रदर्शन में नोएडा का हिंदू समाज बड़ी संख्या में उमड़ा। युवाओं, बुजुर्गों, मातृशक्ति और बच्चों में गहरा रोष देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदुओं को उनकी धार्मिक पहचान के कारण निशाना बनाया जा रहा है, जो मानवता और सभ्यता के खिलाफ है। विहिप नोएडा महानगर के मंत्री दिनेश महावर ने हिंदू समाज से आह्वान करते हुए कहा कि यह संकट की घड़ी है और ऐसे समय में पूरे समाज को एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू परिषद पूरे भारत के हिंदू समाज का प्रतिनिधित्व करते हुए बांग्लादेश में हो रहे कथित नरसंहार और हिंसा की कठोर शब्दों में निंदा करती है।

विहिप नोएडा महानगर अध्यक्ष अनिल चतुर्वेदी ने कहा कि बांग्लादेश में हो रहे ये जघन्य अपराध न केवल मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हैं, बल्कि इससे क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को भी बड़ा खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व क्षेत्रीय संगठन मंत्री मुकेश विनायक ने किया। उनके साथ प्रांत अध्यक्ष सुशील जैन, प्रांत संगठन मंत्री अरुण कुमार, प्रांत उपाध्यक्ष छाया सिंह, विभाग मंत्री ललित शर्मा, विभाग संयोजक सुमित यादव, महानगर सह मंत्री राजीव शर्मा, प्रवेश द्विवेदी, कोषाध्यक्ष विनोद चौहान, उपाध्यक्ष सत्यवीर सिंह, अनुराधा सक्सेना, बजरंग दल संयोजक जितेंद्र, प्रेम भारद्वाज, रोहित शर्मा, चंदन, प्रचार प्रमुख राहुल दुबे, विधि प्रकोष्ठ संयोजक विपुल जौहरी, रितेश दुग्गल, समरसता प्रमुख श्यामवीर शर्मा, वीरू कुमार, बलोपासना प्रमुख रवि कुमार, सत्संग प्रमुख विष्णु शर्मा, साप्ताहिक मिलन प्रमुख नितेश कुमार सहित विहिप नोएडा महानगर, प्रखंडों और खंडों की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहे।

इसके अलावा शहर की विभिन्न हिंदू संस्थाओं के प्रतिनिधि, संत समाज, मातृशक्ति और हजारों की संख्या में हिंदू समाज के लोग इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। प्रदर्शन के माध्यम से विहिप ने भारत सरकार से मांग की कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल और कड़े कदम उठाए जाएं।

विश्व हिंदू परिषद ने समस्त हिंदू समाज से अपील की कि धर्म, मानवता और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर इन जघन्य अपराधों के विरुद्ध अपनी आवाज बुलंद करें और पीड़ित हिंदू समुदाय के साथ मजबूती से खड़े रहें।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।