15वें महाकौथिग का भव्य समापन: अंतिम दिन उमड़ी रिकॉर्ड भीड़, लोकसंगीत और भजनों ने बांधा समा
टेन न्यूज नेटवर्क
NOIDA News (25 दिसंबर, 2025): नोएडा स्टेडियम में पिछले सात दिनों से चल रहे 15वें महाकौथिग मेले का रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सफल समापन हो गया। अंतिम दिन मेले में रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली, जहां उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, भक्ति और संगीत ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। आयोजन के दौरान कुल मिलाकर ढाई से तीन लाख लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई, जो इस मेले की लोकप्रियता को दर्शाती है।
महाकौथिग के अंतिम दिन सुबह के सत्र में कीर्तन मंडली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनीषा सिंह, डीसीपी साइबर क्राइम, नोएडा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने महाकौथिग के मंच को जागेश्वर धाम की अनुभूति से जोड़ते हुए उत्तराखंडी खान-पान और पारंपरिक परिधानों की खुले दिल से सराहना की। प्रतियोगिता में 15 टीमों के 180 प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल में पूनम बछेती और लोक गायिका स्वर कोकिला कल्पना चौहान शामिल रहीं। शानदार प्रस्तुतियों के बीच एकता कीर्तन मंडली तुगलकाबाद, दिल्ली ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि मां नंदा सुनंदा कीर्तन मंडली मयूर विहार, दिल्ली दूसरे और उत्तराखंड पहाड़ी बैंड कीर्तन मंडली तीसरे स्थान पर रही।

शाम के सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि विजय कुमार रावल, डीजीएम, नोएडा ऑथोरिटी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद लोक गायक रोहित चौहान ने “छोरी चंद्रा ज्यादा न शरमौ”, “धन सिंह की गाड़ी” और “बांद सुषमा” जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं लोक गायिका कल्पना चौहान ने “मन लगी गे मेरु पिंगली साड़ी मा”, “मारी जालू मैरा गढ़वाल मा बाघ लग्यु चा” और “बेडु पाको बरामसा” जैसे सुपरहिट गीतों से पूरे माहौल को लोकसंगीत के रंग में रंग दिया। लोक गायिका हेमा भैंसोड़ा की प्रस्तुति ने भी दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में महाकौथिग आयोजन समिति की पूरी टीम का मंच पर सम्मान किया गया। इस अवसर पर महाकौथिग के मुख्य संयोजक राजेन्द्र चौहान, संस्थापक कल्पना चौहान, चेयरमैन आदित्य घिल्डियाल, अध्यक्ष हरीश असवाल, संयोजिका इंद्रा चौधरी, मीडिया प्रभारी रजनी जोशी, सत्येंद्र नेगी, नीरज रावत सहित पूरी महाकौथिग टीम मौजूद रही। मंच संचालन की भूमिका एंकर आयुषी जुयाल ने निभाई।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।