चलती कार में लगी भीषण आग, CNG सिलेंडर फटने से मचा हड़कंप; तीनों सवार सुरक्षित

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (20/12/2025): ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अजनारा गोल चक्कर के समीप चलती कार में अचानक आग भड़क उठी। कार में सवार तीन लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी कार जलकर खाक हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुलंदशहर निवासी देवेंद्र अपने दो साथियों के साथ दनकौर क्षेत्र के अट्टा फतेहपुर गांव स्थित एक फॉर्म हाउस गए थे। देर रात लौटते समय अजनारा गोल चक्कर के पास उनकी कार से अचानक धुआं उठने लगा। खतरे को भांपते हुए तीनों ने तुरंत कार रोककर बाहर निकलना ही बेहतर समझा। उनके बाहर निकलते ही कार में आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग की चपेट में आने के दौरान कार में लगा सीएनजी सिलेंडर भी जोरदार धमाके के साथ फट गया। विस्फोट की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था। इसके बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दनकौर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक मुनेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।