असम में बड़ा रेल हादसा, राजधानी एक्सप्रेस से टकराया हाथियों का झुंड, 8 हाथियों की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Assam News (20 December 2025): असम के लुमडिंग डिवीजन में शुक्रवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा हो गया, जब सैरांग–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20507 DN) हाथियों के एक झुंड से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन का इंजन और उसके पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि ट्रेन में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई।

स्थानीय लोगों और वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन की चपेट में कुल आठ हाथी आ गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक छोटा हाथी गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज वन विभाग की टीम द्वारा किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना ऐसे स्थान पर हुई, जो हाथियों का आधिकारिक गलियारा नहीं माना जाता। लोको पायलट ने हाथियों को देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर नहीं टल सकी।

दुर्घटना स्थल पर पटरियों पर हाथियों के शव और ट्रेन के डिब्बे बिखरने के कारण ऊपरी असम और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों के लिए रेल सेवाएं प्रभावित हो गईं। कई ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है, जबकि कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं। रेलवे और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत और मरम्मत कार्य में जुटी हुई हैं, साथ ही ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने की कोशिश की जा रही है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, हादसे के बाद प्रभावित डिब्बों के यात्रियों को अन्य खाली कोचों में समायोजित किया गया। क्षतिग्रस्त डिब्बों को अलग करने के बाद ट्रेन को गुवाहाटी भेजा गया है, जहां अतिरिक्त कोच जोड़कर राजधानी एक्सप्रेस को आगे की यात्रा के लिए तैयार किया जाएगा। इस हादसे ने एक बार फिर वन्यजीव क्षेत्रों में ट्रेन संचालन की सुरक्षा और सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।