Delhi में घने कोहरे का कहर: 152 फ्लाइट कैंसिल, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (19 December 2025): राजधानी दिल्ली और उत्तर भारत में छाए घने कोहरे ने हवाई यातायात को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कम विजिबिलिटी के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से अब तक 152 फ्लाइट कैंसिल की जा चुकी है, जबकि सैकड़ों उड़ानें देरी का शिकार हुई हैं। हालात को देखते हुए सिविल एविएशन मिनिस्ट्री, दिल्ली एयरपोर्ट अथॉरिटी और प्रमुख एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है और फ्लाइट स्टेटस पहले से चेक करने की अपील की है।

सिविल एविएशन मिनिस्ट्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में कहा कि उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा हवाई संचालन को प्रभावित कर रहा है। मंत्रालय ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी संबंधित एयरलाइंस के संपर्क में रहें, आधिकारिक प्लेटफॉर्म से अपडेट लेते रहें और एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। मंत्रालय के अनुसार, यात्रियों की सहायता के लिए एयरपोर्ट पर पैसेंजर फैसिलिटेशन टीमें तैनात हैं।

इस बीच स्पाइसजेट की एक फ्लाइट कैंसिल होने के बाद दिल्ली आईजीआई एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। दिल्ली से अहमदाबाद जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG 8193 पहले करीब छह घंटे तक लेट रही और बाद में सुबह चार बजे इसे कैंसिल कर दिया गया। यात्रियों का आरोप है कि रात 10 बजे की फ्लाइट को पहले 2 बजे और फिर 4 बजे तक टाला गया, इस दौरान उन्हें विमान में ही बैठाए रखा गया। बाद में फ्लाइट कैंसिल कर दी गई, लेकिन न तो वैकल्पिक उड़ान दी गई और न ही ठहरने की कोई व्यवस्था की गई।

एयर इंडिया ने भी घने कोहरे को देखते हुए शुक्रवार के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइन ने कहा कि मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार दिल्ली और उत्तर व पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रह सकता है, जिससे पूरे उड़ान नेटवर्क पर असर पड़ सकता है। एयर इंडिया ने यात्रियों को आश्वासन दिया है कि देरी या रद्द होने की स्थिति में ग्राउंड स्टाफ सहायता करेगा और यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के फ्लाइट बदलने या पूरा रिफंड लेने का विकल्प दिया जाएगा।

इंडिगो एयरलाइंस ने भी उत्तरी भारत में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की है। एयरलाइन ने कहा कि सुबह के शुरुआती घंटों में यात्रा करने वाले यात्रियों को देरी या बदले हुए समय का सामना करना पड़ सकता है। इंडिगो ने बताया कि वह मौसम की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और हवाई यातायात नियंत्रण अधिकारियों के साथ समन्वय कर असुविधा को कम करने की कोशिश कर रही है।

दिल्ली एयरपोर्ट ने जानकारी दी है कि घने कोहरे के चलते श्रेणी-III (CAT-III) परिचालन शुरू किया गया है, जिसके तहत बेहद कम दृश्यता में भी विमानों की सुरक्षित लैंडिंग संभव होती है। हालांकि इसके बावजूद देरी और व्यवधान जारी हैं। आईएमडी के अनुसार, गुरुवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में विजिबिलिटी घटकर मात्र 100 मीटर रह गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, खराब मौसम के कारण कम से कम 27 फ्लाइट रद्द हुईं और 500 से अधिक उड़ानों में देरी दर्ज की गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।