घने कोहरे ने मचाई तबाही: ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर दो जगह भीषण हादसे

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (15/12/2025): सोमवार सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर घने कोहरे ने यातायात को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। कम दृश्यता के कारण एक्सप्रेसवे पर दो अलग-अलग स्थानों पर बड़े सड़क हादसे हो गए, जिनमें कुल 20 वाहन आपस में टकरा गए। इन दुर्घटनाओं में करीब 10 लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना गलगोटिया यूनिवर्सिटी के समीप हुई, जहां कोहरे के चलते 12 वाहन एक-दूसरे से भिड़ गए। वहीं दूसरी दुर्घटना दादोपुर गांव के पास हुई, जहां 8 वाहनों की आपस में टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय कोहरा इतना घना था कि कुछ मीटर आगे तक भी देख पाना मुश्किल हो रहा था।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, पलवल की ओर से ग्रेटर नोएडा की दिशा में आ रहे वाहन अचानक ब्रेक लगने और आगे चल रहे वाहनों की सही दूरी का अंदाजा न लग पाने के कारण अनियंत्रित हो गए। देखते ही देखते एक वाहन की टक्कर दूसरे से होती चली गई और कुछ ही क्षणों में यह सिलसिला बड़े हादसे में तब्दील हो गया।

हादसे में शामिल कुछ वाहन आलू से लदे हुए थे। टक्कर के बाद कई वाहन पलट गए, जिससे भारी मात्रा में आलू सड़क पर फैल गए। इससे एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

सूचना मिलते ही दनकौर थाना पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि किसी भी दुर्घटना में जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और बिखरे आलुओं को साफ कराया। कई घंटों की मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सामान्य किया जा सका।

इस घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से सर्दी के मौसम में विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान निर्धारित गति सीमा का पालन करें, फॉग लाइट और इंडिकेटर का सही उपयोग करें तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखें। घने कोहरे में हुए इन हादसों ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और ड्राइवरों की सावधानी की अहमियत को उजागर कर दिया है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।