दनकौर में किसान एकता संघ की बैठक, बढ़े बिजली बिल और बदहाल व्यवस्थाओं पर फूटा आक्रोश
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (15/12/2025): दनकौर कस्बे में रविवार को किसान एकता संघ की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर पंचायत की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए। बैठक में बिजली के बढ़े हुए बिलों, टूटी-फूटी सड़कों और चरमराती सफाई व्यवस्था को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त की गई और कहा गया कि इन समस्याओं से आम नागरिकों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
यह बैठक अजय ठाकुर के आवास पर आयोजित की गई, जिसमें किसान एकता संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक की अध्यक्षता कृष्ण बैंसला ने की, जबकि संचालन की जिम्मेदारी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विक्रम नागर ने संभाली।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी सोरन प्रधान ने कहा कि दनकौर नगर पंचायत बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में पूरी तरह असफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली बिलों में बेवजह बढ़ोतरी से जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, वहीं सड़कों की जर्जर हालत और नालियों की नियमित सफाई न होने से बीमारी फैलने का खतरा बढ़ गया है। उन्होंने यह भी कहा कि जब नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर नगर पंचायत कर्मचारियों से संपर्क करते हैं, तो उन्हें कोई ठोस और संतोषजनक जवाब नहीं मिलता, जिससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नगर की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि नगर पंचायत ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो किसान एकता संघ जनहित में आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा। इसके लिए संगठन स्तर पर रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर संगठन विस्तार को लेकर भी निर्णय लिए गए। अजय ठाकुर को किसान एकता संघ का जिला सचिव (गौतमबुद्ध नगर) नियुक्त किया गया। संगठन के पदाधिकारियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए आशा जताई कि वे किसानों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को मजबूती से उठाएंगे। बैठक में जेपी नागर, विक्रम नागर, पप्पे नागर, जानी नागर, डॉ. हतेन्दर मलिक, वीरपाल मास्टर, प्रवीण भाटी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के अंत में सभी ने एकजुट होकर दनकौर की जनसमस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।