घना कोहरा बना चुनौती, यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा में कमी

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (15/12/2025): ग्रेटर नोएडा में लगातार छाए घने कोहरे ने जनजीवन के साथ-साथ सड़क यातायात को भी बुरी तरह प्रभावित किया है। दृश्यता बेहद कम होने के कारण यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र विशेष व्यवस्था लागू की है।

प्रशासन द्वारा ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट से यमुना एक्सप्रेसवे की ओर वाहनों को काफिले (कन्वॉय) के रूप में भेजा जा रहा है। पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीमें जीरो पॉइंट पर तैनात रहकर पूरे ट्रैफिक सिस्टम की लगातार निगरानी कर रही हैं। माइक के जरिए वाहन चालकों को सतर्क किया जा रहा है और उन्हें कोहरे में सुरक्षित ड्राइविंग के निर्देश दिए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, एक बार में 10 से 15 वाहनों को एक साथ आगे रवाना किया जा रहा है। हर काफिले के बीच 5 से 10 मिनट का अंतर रखा जा रहा है, ताकि शून्य दृश्यता की स्थिति में वाहनों के बीच सुरक्षित दूरी बनी रहे। इस व्यवस्था का उद्देश्य कोहरे के कारण होने वाली टक्कर और बड़े सड़क हादसों की आशंका को कम करना है।

पिछले तीन दिनों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र घने कोहरे की चपेट में है। बीते दो दिनों के दौरान ग्रेटर नोएडा में कोहरे के चलते कई सड़क दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इन्हीं घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए यातायात नियमों को और सख्त कर दिया है।

आज से यमुना एक्सप्रेसवे के साथ-साथ नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे और एलिवेटेड रोड पर वाहनों की गति सीमा भी घटा दी गई है। यह संशोधित गति सीमा आगामी दो महीनों तक, यानी 15 फरवरी तक प्रभावी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि काफिले के रूप में वाहनों को निकालने और गति सीमा कम करने का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। घने कोहरे और शून्य दृश्यता के बीच किसी भी बड़े हादसे को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर पल-पल नजर बनाए हुए है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।