प्रेरणा विमर्श–2025: नवोत्थान के नए क्षितिज पर राष्ट्रव्यापी मंथन

टेन न्यूज नेटवर्क

Noida News (14 December 2025): प्रेरणा शोध संस्थान न्यास के तत्वावधान में नोएडा सेक्टर-62 स्थित राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान में आयोजित तीन दिवसीय ‘प्रेरणा विमर्श–2025’ के दूसरे दिन “नवोत्थान के नए क्षितिज” विषय पर देश के प्रमुख लेखकों, विचारकों, राजनयिकों, रक्षा विशेषज्ञों और बुद्धिजीवियों ने गंभीर चिंतन-मंथन किया। इस अवसर पर पिछले वर्ष के प्रेरणा विमर्श पर आधारित पुस्तक ‘पंच परिवर्तन’ का विमोचन भी किया गया।

कार्यक्रम के प्रथम सत्र में “मंत्र विप्लव (वैचारिक क्षेत्र में नवोत्थान)” विषय पर राज्यसभा सांसद एवं विख्यात इतिहासकार डॉ. मीनाक्षी जैन ने कहा कि पिछले दस वर्षों में वैचारिक वातावरण में बड़ा परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अयोध्या विषय पर पुस्तक प्रकाशित कराने के दौरान पहले प्रकाशकों का रुख नकारात्मक रहता था, जबकि आज वही प्रकाशक इस विषय पर लिखने के लिए आग्रह कर रहे हैं। उन्होंने इसे वैचारिक स्वतंत्रता और आत्मविश्वास का सकारात्मक संकेत बताया। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख प्रदीप जोशी ने कहा कि सांस्कृतिक गुलामी से मुक्ति की दशकों पुरानी लड़ाई में देश ने निर्णायक सफलता प्राप्त की है, जो राष्ट्र के नवोत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सत्र का संचालन वरिष्ठ पत्रकार प्रतिबिंब शर्मा ने किया।

दूसरे सत्र में “वसुधैव कुटुंबकम (वैश्विक क्षेत्र में नवोत्थान)” विषय पर पूर्व राजदूत सुशील कुमार सिंघल ने कहा कि जब तक देश अपनी सभ्यतागत सोच के अनुरूप विदेश नीति, अनुसंधान और आर्थिक रणनीतियां तय नहीं करेगा, तब तक औपनिवेशिक मानसिकता से पूर्ण मुक्ति संभव नहीं है। उन्होंने आत्मनिर्भर और स्वनिर्मित मार्गों पर चलने की आवश्यकता पर बल दिया। अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त शिल्पकार नरेश कुमार कुमावत ने कहा कि बीते दशक में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और मूर्तिकला को वैश्विक मंच पर नई पहचान मिली है। उन्होंने विदेशों में सनातन संस्कृति के बढ़ते प्रभाव को भारत की मजबूत वैश्विक छवि से जोड़ा। सत्र का संयोजन वरिष्ठ पत्रकार अनुराग पुनेठा ने किया।

तीसरे सत्र में “शस्त्रेण रक्षति राष्ट्रे (रक्षा क्षेत्र में नवोत्थान)” विषय पर सेवानिवृत्त मेजर जनरल विजय शरद रानाडे ने कहा कि आधुनिक युद्ध की परिभाषा और रणनीति दोनों बदल चुकी हैं। उन्होंने बताया कि भारत की रक्षा नीति अब रक्षात्मक से आक्रामक सोच की ओर अग्रसर हुई है, जिसका उदाहरण बालाकोट, उरी और अन्य अभियानों में देखा जा सकता है। ड्रोन, मिसाइल और तकनीकी युद्ध की बढ़ती भूमिका पर उन्होंने विशेष जोर दिया। रक्षा विशेषज्ञ राजीव नयन ने कहा कि चीन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए केवल शस्त्र ही नहीं, बल्कि शास्त्र यानी रणनीतिक बुद्धिमत्ता भी आवश्यक है। उन्होंने स्वदेशी तकनीक और संयमित शक्ति प्रदर्शन की आवश्यकता पर बल दिया।

सत्र का संचालन नेटवर्क-18 के प्रबंध संपादक आनंद नरसिम्हन ने किया। उन्होंने कहा कि शत्रु बोध के साथ-साथ आत्मबोध भी राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अनिवार्य है। इसी सत्र में प्रेरणा सम्मान–2025 से टाइम्स नाउ की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नविका कुमार को सम्मानित किया गया।

हर सत्र के अंत में वक्ताओं ने श्रोताओं के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के प्रचार प्रमुख कृपाशंकर, प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्ष प्रीति दादू, प्रेरणा विमर्श-2025 के अध्यक्ष अनिल त्यागी, समन्वयक श्याम किशोर सहाय, सह-संयोजक अखिलेश चौधरी, राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान के अध्यक्ष प्रो. अखिलेश मिश्रा, सचिव मोनिका चौहान सहित 300 से अधिक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समग्र संचालन डॉ. प्रियंका एवं डॉ. नीलम कुमारी ने किया।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।