नोएडा में दिल दहला देने वाला हादसा, डिवाइडर से टकराई कार धू-धू कर जली

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (12/12/2025): नोएडा सेक्टर-71 रेड लाइट के पास शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार ऑल्टो कार अचानक डिवाइडर से टकराकर आग की लपटों में घिर गई। हादसे के समय कार में सवार मेरठ निवासी दंपती ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। दोनों को मामूली चोटें आई हैं। सुबह के शांत माहौल में हुई इस घटना ने राहगीरों में अफरा-तफरी मचा दी।

जानकारी के अनुसार, मेरठ के जागृति विहार निवासी आयुष गुप्ता (46) गुरुवार रात अपनी पत्नी शिखा गुप्ता के साथ कहीं गए थे और सुबह वापस लौटते समय यह हादसा हो गया। जैसे ही गाड़ी सेक्टर-71 के पास पहुंची, फेज-3 थाना क्षेत्र के डंपिंग ग्राउंड के निकट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ ही क्षणों में इंजन के हिस्से से धुआं उठने लगा और कार आग की चपेट में आ गई। दंपती ने तुरंत बाहर छलांग लगाई, जिससे उनकी जान बच गई।

घटना को देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सुबह 4 बजकर 9 मिनट पर कंट्रोल रूम को खबर मिली। कुछ ही देर में दमकल की एक गाड़ी और चार अग्निशमनकर्मी मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का काम शुरू किया। लगभग 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।

सीएफओ प्रदीप कुमार चौबे के अनुसार, प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुबह का समय होने के कारण चालक को हल्की झपकी आ गई होगी, जिससे वाहन नियंत्रण खो बैठा। हालांकि टक्कर के समय गति अधिक नहीं थी, अन्यथा घटना गंभीर रूप ले सकती थी। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सेक्टर-71 चौराहे पर यातायात प्रभावित रहा।

पुलिस ने वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात बहाल कराया। आयुष और शिखा को मामूली चोटें आईं और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दोनों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। यह हादसा तेज रफ्तार और थकान में वाहन चलाने के खतरों की एक बार फिर याद दिलाता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।