सौम्य, सुंदर, निस्वार्थ और निश्चल, हर रूप में एक आदर्श नारी थीं: डॉ पल्लवी शर्मा | श्रद्धांजलि सभा
टेन न्यूज नेटवर्क
Noida News (08 December 2025): गौतम बुद्ध नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा की माता स्वर्गीय ललिता शर्मा की श्रद्धांजलि सभा सोमवार को नोएडा स्टेडियम, सेक्टर–21A में श्रद्धाभाव के साथ आयोजित की गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और नोएडा–ग्रेटर नोएडा क्षेत्र से आए हज़ारों नागरिकों ने दिवंगत आत्मा को नमन किया। सभी ने उन्हें एक सौम्य, संस्कारी, विनम्र और प्रेरणादायी व्यक्तित्व के रूप में स्मरण किया, जिनके जीवन-मूल्यों ने न केवल परिवार बल्कि समाज को भी गहराई से प्रभावित किया।
सभा के दौरान भावनात्मक क्षण तब आया जब डॉ. महेश शर्मा की पुत्री और स्वर्गीय ललिता शर्मा की पोती डॉ. पल्लवी शर्मा ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए भावुक होकर अपनी स्मृतियाँ साझा कीं। उन्होंने कहा कि “जहां देवकी जैसी मां बनकर डॉक्टर उमा शर्मा ने हमें जन्म दिया, वहीं यशोदा मैया बनकर हमारी अम्मा (स्वर्गीय ललिता शर्मा) ने हमें अपनी ममता का आंचल दिया। बचपन से ही मैं उनकी लाडली रही। वह बिना कहे ही मेरी हर आवश्यकता जान जाती थीं। डॉक्टरी की पढ़ाई के लिए नौ वर्ष घर से दूर रही, पर कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ कि मैं उनसे दूर हूं। चाहे मेरी तबीयत खराब हो या मन विचलित हो, उन्हें दूर से ही आभास हो जाता था।”
उन्होंने आगे कहा, “शादी के बाद मेरे पति डॉ. श्रीकांत को उन्होंने पुत्रवत स्नेह दिया। जब भी मैं ससुराल से घर आती, तो अम्मा अपने हाथों से मुझे चूरमे का लड्डू बनाकर खिलाती थीं। मेरी भाभी डॉ. रिमी को भी उन्होंने उतना ही स्नेह दिया। वह पूरे परिवार को एक सूत्र में बांधने वाली डोर थीं। सौम्य, सुंदर, निस्वार्थ और निश्चल—मेरी अम्मा हर रूप में एक आदर्श नारी थीं। किसी का बुरा सोचना तो दूर, हमने कभी उनके मुख से ऊँची आवाज तक नहीं सुनी। ऐसी पुण्यात्मा का आशीर्वाद पाकर हमारा जीवन धन्य हो गया। अम्मा, आप शरीर से भले हमारे बीच न हों, किन्तु आपकी स्मृतियाँ सदैव हमारे भीतर जीवित रहेंगी।”
कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे से प्रसाद एवं ब्रह्मभोज की व्यवस्था की गई थी। इसके उपरांत दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक आयोजित प्रार्थना सभा में सभी उपस्थित जनों ने स्वर्गीय ललिता शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि दी। बड़ी संख्या में नोएडा, ग्रेटर नोएडा तथा आसपास के क्षेत्रों से नागरिक उनकी सरलता, करुणा और सामाजिक भावना को याद करने पहुंचे।
शहर के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ राजनेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की तथा स्वर्गीय ललिता शर्मा के समाज में योगदान की सराहना की।
परिवार की ओर से डॉ. महेश शर्मा, दिनेश शर्मा, डॉ. नरेश शर्मा, राजेश शर्मा और उमेश शर्मा ने सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि समाज के इस अपार स्नेह और समर्थन ने उनकी पीड़ा को सहारा दिया है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।