केजरीवाल की हार तय, नई दिल्ली में भाजपा का दबदबा: प्रवेश वर्मा का बड़ा दावा

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (11 जनवरी 2025): नई दिल्ली विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने टेन न्यूज से खास बातचीत में आम आदमी पार्टी (आप) और अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आप सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल की जमानत जब्त हो जाएगी।

प्रवेश वर्मा ने कहा, “आम आदमी पार्टी सिर्फ खोखले वादे करती है। केजरीवाल को पता है कि वे 20 दिन बाद चुनाव हारने वाले हैं। उन्होंने झूठी राजनीति के जरिए दिल्ली को बर्बाद कर दिया है।”

आम आदमी पार्टी द्वारा शुरू की गई ‘सनातन सेवा समिति’ पर टिप्पणी करते हुए वर्मा ने इसे एक छलावा बताया। उन्होंने कहा कि आप सरकार के झूठे दावों पर जनता को ध्यान नहीं देना चाहिए।

जब टेन न्यूज ने उनसे केजरीवाल के शिक्षा, स्वास्थ्य और पानी आपूर्ति के क्षेत्र में किए गए कार्यों के बारे में पूछा, तो वर्मा ने कटाक्ष करते हुए कहा, “केजरीवाल सिर्फ बोलते रहते हैं कि उन्होंने यह किया, वह किया। पर आज तक किसी ने यह नहीं देखा कि कहां अस्पताल बने और कहां स्कूल। ये सब जनता को गुमराह करने की कोशिश है।”

आप पार्टी द्वारा उन पर चुनाव प्रचार के दौरान पैसे बांटने के आरोपों पर वर्मा ने जवाब दिया, “मैं केवल जनता का आशीर्वाद ले रहा हूं। लोग मुझे वोट के रूप में अपना आशीर्वाद दे रहे हैं।”

प्रवेश वर्मा के इस बयान ने दिल्ली के राजनीतिक माहौल को गरमा दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नई दिल्ली विधानसभा सीट पर किसका दबदबा रहता है, आप की पुरानी पकड़ या भाजपा की नई चुनौती।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।