दिल्ली की RWAs को सुरक्षा गार्ड के लिए मिलेगा सरकारी फंड: केजरीवाल की गारंटी
टेन न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली (10 जनवरी 2025): आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर दिल्ली की सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशंस (RWAs) को अपने क्षेत्रों में सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने के लिए सरकारी फंड दिया जाएगा। यह गारंटी केजरीवाल ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। चोरी, डकैती, चेन स्नैचिंग और गैंगवार की घटनाओं से लोग डरे हुए हैं। भाजपा की केंद्र सरकार और गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को “क्राइम कैपिटल” बना दिया गया है। भाजपा को दिल्ली के लोगों से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन “दिल्ली के दो करोड़ लोग मेरा परिवार हैं। उनकी सुरक्षा मेरी जिम्मेदारी है।”
केजरीवाल ने बताया कि RWAs को फंड देने के लिए मापदंड तय किए जाएंगे। इसमें क्षेत्र और परिवारों की संख्या के आधार पर यह तय होगा कि किसी RWA को कितना फंड मिलेगा। यह पैसा सुरक्षा गार्ड नियुक्त करने के लिए दिया जाएगा, ताकि इलाकों में बुनियादी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा, “सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति से चोरी और अनधिकृत लोगों की एंट्री जैसी समस्याओं पर नियंत्रण पाया जा सकेगा। हालांकि, इसका उद्देश्य पुलिस को बदलना नहीं है, लेकिन स्थानीय सुरक्षा को मजबूत करना है।”
केजरीवाल ने दावा किया कि उनकी सरकार ने पहले ही दिल्ली में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं, जिससे अपराधियों को पकड़ना आसान हुआ है। अब सुरक्षा गार्ड तैनात करके दिल्लीवालों को और सुरक्षित महसूस कराया जाएगा।
यह कदम “आप” की चुनावी गारंटी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य दिल्लीवासियों को सुरक्षा और विश्वास देना है।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टिप्पणियाँ बंद हैं।