NOIDA News (24/11/2025): नोएडा सेक्टर-34 स्थित गेझा उच्च प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका पिंकी सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य के अत्यधिक दबाव के चलते नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा निर्वाचन अधिकारी को संबोधित करते हुए BLO के आधिकारिक व्हाट्सऐप ग्रुप पर साझा किया। इस्तीफे में उन्होंने साफ लिखा कि BLO की जिम्मेदारियों और स्कूल में शिक्षण कार्य दोनों को साथ निभाना अब उनके लिए संभव नहीं है।
पिंकी सिंह के अनुसार, उन्हें सेक्टर-33 स्थित रॉकवुड स्कूल के मतदान केंद्र के लिए BLO नियुक्त किया गया था। उनके भाग संख्या 206 में कुल 1,179 मतदाता हैं। अब तक वह 215 फॉर्म ऑनलाइन फीड कर चुकी हैं, लेकिन स्वास्थ्य समस्याओं और कार्य के अत्याधिक बोझ के कारण आगे काम जारी रखना उनके लिए कठिन हो गया।
इस्तीफे में उन्होंने लिखा, मैं सहायक अध्यापिका पिंकी सिंह, भाग संख्या 206 (मतदान स्थल रॉकवुड स्कूल) की BLO हूं। 1,179 मतदाताओं में से 215 आवेदन ऑनलाइन फीड कर चुकी हूं। अब मैं इस जिम्मेदारी को आगे निभाने में असमर्थ हूं। न शिक्षण कार्य हो पा रहा है और न BLO का कार्य। अतः मैं अपने पद से इस्तीफा दे रही हूं। कृपया बताएं कि निर्वाचन संबंधी सामग्री मैं किसे सौंपूं।
पिंकी सिंह लंबे समय से थायराइड की बीमारी से भी जूझ रही हैं। स्कूल की प्रधानाचार्य नीलम सिंह ने बताया कि अध्यापिका ने पहले भी BLO ड्यूटी हटाने के लिए आवेदन दिया था, लेकिन उनकी अपील पर कार्रवाई नहीं की गई। इस मामले पर बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार का कहना है कि उन्हें अभी तक किसी प्रकार का लिखित इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है।
यूपी में इन दिनों मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया चल रही है, जिसमें सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को BLO बनाकर घर-घर जाकर वोटर लिस्ट अपडेट करने का कार्य सौंपा गया है। आरोप है कि शिक्षकों पर बढ़ते बोझ के कारण शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है। पिछले कुछ दिनों में अत्याधिक काम के दबाव से स्वास्थ्य बिगड़ने और मौत के मामले भी सामने आ चुके हैं, जिससे शिक्षक वर्ग में नाराजगी बढ़ी है। शिक्षक संगठनों का कहना है कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त किया जाए, ताकि स्कूलों में पढ़ाई बाधित न हो और शिक्षकों का शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित न हो।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।