एनआईटी दिल्ली के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने डिजिटल विलेज निर्माण और समाजोन्मुख नवाचार पर दिया जोर

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (19 November 2025): राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बुधवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) दिल्ली के पांचवें दीक्षांत समारोह में शामिल होकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अतिथियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एनआईटी दिल्ली ने कम समय में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी महत्वपूर्ण पहचान बनाई है और आधुनिक अवसंरचना, शैक्षणिक उत्कृष्टता तथा बहु-विषयी शिक्षा को बढ़ावा देकर यह संस्थान भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सक्षम मानव संसाधन तैयार कर रहा है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने संस्थान में स्थापित स्टार्ट-अप सेंटर की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं को नवाचारी विचारों को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन, मार्गदर्शन और नेटवर्किंग उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि संस्थान में विकसित हो रहा इनक्यूबेशन सेंटर नवीन विचारों को व्यवहारिक और सफल व्यवसायों में बदलने का सशक्त माध्यम सिद्ध होगा, जिससे छात्र स्वरोजगार की दिशा में और अधिक प्रेरित होंगे।

अपने संबोधन में राष्ट्रपति ने कहा कि भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में दृढ़ता से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, स्टार्ट-अप इंडिया, स्किल इंडिया, सुगम्य भारत अभियान और उन्नत भारत अभियान जैसी सरकारी पहलें जनभागीदारी और तकनीकी प्रगति के सहारे देश को तेज़ी से आगे ले जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इन राष्ट्रव्यापी प्रयासों का उद्देश्य ऐसा भारत निर्माण करना है जहाँ हर नागरिक को समान अवसर और सम्मान मिल सके।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एनआईटी जैसे उच्च तकनीकी संस्थानों की भूमिका पर विशेष जोर देते हुए कहा कि ऐसे संस्थान मॉडल डिजिटल विलेज के निर्माण में महत्वपूर्ण भागीदारी निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीकी संस्थान सरल और सुगम तकनीकी समाधान विकसित कर ग्रामीण क्षेत्रों को डिजिटल रूप से सशक्त बना सकते हैं। उद्योगों के साथ सहयोग कर वे गांवों में आवश्यक सुविधाओं में भी सुधार ला सकते हैं।

राष्ट्रपति ने दीक्षांत समारोह में स्नातक उपाधि प्राप्त कर रहे छात्रों को वैज्ञानिक और तकनीकी कार्यबल के नए सदस्य के रूप में अपनी जिम्मेदारी समझने की सलाह दी। उन्होंने छात्रों से सतत सीखने, अनुसंधान जारी रखने और नए नवाचारों की खोज करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने कहा कि सच्ची प्रगति का पैमाना केवल आविष्कार नहीं, बल्कि समाज के लिए उसकी सकारात्मक उपयोगिता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्थायी ऊर्जा प्रणालियों, सुलभ तकनीकी समाधानों और ग्रामीण व वंचित समुदायों के लिए उपयोगी नवाचारों के माध्यम से छात्र सामाजिक असमानताओं को कम करने में योगदान देंगे।

समारोह के अंत में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्वास व्यक्त किया कि एनआईटी दिल्ली के छात्र अपने कार्यों और उपलब्धियों से न केवल संस्थान बल्कि देश का नाम भी गौरवान्वित करेंगे।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।