नोएडा में रोडरेज का विवाद बढ़ा, अधिवक्ता सहित तीन लोगों ने कैब चालक के साथी पर किया हमला
टेन न्यूज नेटवर्क
GREATER NOIDA News (19/11/2025): सेक्टर-46 में मंगलवार तड़के हुए सड़क विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक अधिवक्ता सहित तीन लोगों ने कथित तौर पर एक कैब चालक के साथी के सिर पर प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपितों को हिरासत में लेकर सेक्टर-39 थाने ले गई। बाद में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपितों का चालान कर दिया गया। वाहन को भी एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है।
घटना के बाद दिल्ली और गाजियाबाद के कई अधिवक्ता सेक्टर-39 थाने पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जाहिर करते हुए विरोध दर्ज कराया। मंगलवार तड़के दिल्ली तीस हजारी कोर्ट में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता आज़ाद चंद गौतम, अधिवक्ता आलोक चौधरी और एक महिला अपने दो अन्य साथियों के साथ कार से सेक्टर-46 पर परांठे खाने जा रहे थे। गार्डेनिया ग्लोरी सोसायटी के समीप उनकी कार का एक कैब से हल्का टकराव हो गया।
कार साइड लगाने की बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान कैब चालक का साथी रंजीत सिंह बीच-बचाव के लिए आया, लेकिन आरोप है कि आलोक ने उसके सिर पर पत्थर से जोरदार वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।
पुलिस तीनों आरोपितों आजाद, आलोक और महिला को थाने लेकर गई। वहीं, अधिवक्ता आज़ाद चंद गौतम ने आरोप लगाया कि थाने में मौजूद उप निरीक्षक ने उन्हें थप्पड़ मारे, बाल खींचे और पेट में कोहनी मारी। महिला आरोपित ने भी मेडिकल जांच के दौरान अस्पताल में पुलिसकर्मियों द्वारा थप्पड़ मारने और कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया है।
थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घायल रंजीत सिंह की शिकायत पर आज़ाद, आलोक और महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर चालान की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। साथ ही एमवी एक्ट के तहत उनकी कार को सीज कर दिया गया है। थाना प्रभारी ने यह भी कहा कि थाने में दुर्व्यवहार के जो आरोप लगाए गए हैं, उनकी जांच एक स्वतंत्र अधिकारी से कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली और गाजियाबाद के कई अधिवक्ता थाने पहुंच गए और पुलिस की भूमिका पर प्रश्न उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस पर लगे आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। यह पूरा मामला अब पुलिस जांच के दायरे में है, और दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामला बढ़ने के चलते थाने और इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।