उपराष्ट्रपति ने किया प्रथम ‘रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार 2025’ का शुभारंभ
टेन न्यूज नेटवर्क
National News (17 November 2025): उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने हैदराबाद स्थित रामोजी फिल्म सिटी में आयोजित प्रथम रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार 2025 समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने मीडिया जगत के दिग्गज रामोजी राव को भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें एक दूरदर्शी राष्ट्र निर्माता और भारतीय पत्रकारिता का आधार स्तंभ बताया।
समारोह के दौरान उपराष्ट्रपति ने कहा कि रामोजी राव ने विचारों को संस्थाओं में और सपनों को हकीकत में बदलकर मीडिया, मनोरंजन और उद्यमिता के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन किए। ईनाडु अख़बार, ईटीवी नेटवर्क और रामोजी फिल्म सिटी जैसे उपक्रमों ने देश में मीडिया के स्वरूप को नई दिशा दी। उपराष्ट्रपति ने कहा कि सत्य, नैतिकता और उत्कृष्टता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।
पहली बार आयोजित रामोजी उत्कृष्टता पुरस्कार सात श्रेणियों में प्रदान किए गए—
ग्रामीण विकास: अमला अशोक रुइया
युवा आइकन: श्रीकांत बोल्ला
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी: प्रो. माधवी लता गली
मानवता की सेवा: आकाश टंडन
कला एवं संस्कृति: प्रो. सथुपति प्रसन्ना श्री
पत्रकारिता: जयदीप हार्डिकर
महिला उपलब्धि: पल्लबी घोष
उपराष्ट्रपति ने सभी पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह व्यक्तित्व उत्कृष्टता के प्रतीक हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की प्रेरणा बनते हैं।
मीडिया की भूमिका पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के नाते प्रेस जागरूक नागरिक वर्ग के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। सूचना की अधिकता और गलत सूचनाओं से भरे इस दौर में उपराष्ट्रपति ने सत्यनिष्ठ, नैतिक और विश्वसनीय पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने मीडिया संगठनों से ‘विकसित भारत @2047’ के विज़न को जन-जन तक पहुंचाने और नवाचार, स्टार्ट-अप, महिला सशक्तिकरण व ग्रामीण परिवर्तन की कहानियों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
उन्होंने नशा मुक्त भारत के निर्माण में मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि तेज़ी से बढ़ती एआई तकनीक के युग में नागरिकों को असली और नकली समाचारों के बीच अंतर बताना मीडिया का दायित्व है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि रामोजी समूह द्वारा इन पुरस्कारों की स्थापना स्मृति को प्रेरणा में और विरासत को उद्देश्यपूर्ण कार्य में बदलने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
कार्यक्रम में तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा, पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी और किंजरापु राममोहन नायडू, पूर्व मुख्य न्यायाधीश एन.वी. रमना, रामोजी समूह के अध्यक्ष चौधरी किरण सहित फिल्म जगत की प्रमुख हस्तियाँ और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि यह समारोह न केवल उत्कृष्ट उपलब्धियों का उत्सव है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि जब उत्कृष्टता को ईमानदारी और उद्देश्यपूर्ण दृष्टिकोण से अपनाया जाता है, तो वह राष्ट्र और मानवता दोनों के लिए लाभकारी सिद्ध होती है।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।