चाणक्य रक्षा संवाद 2025 का पूर्वावलोकन नई दिल्ली में आयोजित

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (17 November 2025): नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में आज भारतीय सेना ने सेंटर फॉर लैंड वारफेयर स्टडीज़ (सीएलएडब्ल्यूएस) के सहयोग से चाणक्य रक्षा संवाद 2025 (सीडीडी-2025) का पूर्वावलोकन आयोजित किया। आगामी 27-28 नवंबर 2025 को प्रस्तावित यह महत्वपूर्ण रक्षा संवाद “सुधार से रूपांतरण : सशक्त, सुरक्षित और विकसित भारत” विषय पर आधारित होगा। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद सीडीडी-2025 का आधिकारिक टीज़र जारी किया गया।

इस अवसर पर थल सेनाध्यक्ष (सीओएएस) जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ आयोजित फायरसाइड चैट चर्चा का प्रमुख आकर्षण रही। बातचीत के दौरान सीओएएस ने राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्रीय विकास के गहरे संबंध को रेखांकित किया और विकसित भारत @2047 के लक्ष्य के लिए स्थिर एवं सुरक्षित वातावरण की अनिवार्यता पर जोर दिया। उन्होंने रक्षा मंत्रालय द्वारा 2025 को ‘सुधारों का वर्ष’ घोषित करने की उल्लेखनीय पहल का स्मरण करते हुए कहा कि सुरक्षा और विकास को समान गति से आगे बढ़ना चाहिए। ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध राष्ट्र की दृढ़ प्रतिबद्धता को दोहराया और कहा कि “खून और पानी साथ-साथ नहीं बह सकते”, इसलिए आतंकवादी गतिविधियों का समर्थन करने वालों की जवाबदेही तय होना आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि इस ऑपरेशन ने भारत की राष्ट्रीय हितों की रक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता सुनिश्चित करने की दृढ़ नीति को प्रदर्शित किया।

कार्यक्रम में पूर्व इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी विशेष संबोधन दिया। उन्होंने प्रौद्योगिकी एवं राष्ट्रीय सुरक्षा के बीच रणनीतिक संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विश्वसनीय, स्वदेशी डिजिटल क्षमताएँ और उभरती तकनीकी इकोसिस्टम भारत की दीर्घकालिक आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने की दिशा में निर्णायक भूमिका निभाते हैं।

‘रक्षा में आत्मनिर्भरता—सशक्त भारत की कुंजी’ विषय पर आयोजित पैनल चर्चा भी कार्यक्रम का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। इसकी अध्यक्षता उप-सेना प्रमुख (क्षमता विकास एवं संपोषण) लेफ्टिनेंट जनरल राहुल आर. सिंह ने की। डीआरडीओ, रक्षा उद्योग और शिक्षा जगत के विशेषज्ञों की भागीदारी वाली इस चर्चा में रणनीतिक स्वायत्तता के मार्ग के रूप में आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखा गया। विचार-विमर्श में स्वदेशी डिज़ाइन, विकास एवं नवाचार; दोहरे उपयोग वाली प्रौद्योगिकियों को बढ़ावा; डीआरडीओ, निजी क्षेत्र और शैक्षणिक संस्थानों के बेहतर एकीकरण; खरीद प्रक्रियाओं में सुधार; तथा एमएसएमई एवं रक्षा औद्योगिक गलियारों की महत्वपूर्ण भूमिका जैसे बिन्दुओं पर जोर दिया गया। भविष्य की संचालनगत आवश्यकताओं को पूरा करने हेतु लचीली आपूर्ति श्रृंखला, बाहरी निर्भरता में कमी और भारत के गहन-तकनीकी इकोसिस्टम के तेजी से विस्तार की जरूरत पर भी प्रकाश डाला गया।

सीडीडी-2025, राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञों को एक साझा मंच प्रदान करेगा, जहाँ वे रक्षा सुधारों, तकनीकी रूपांतरण, नागरिक-सैन्य एकीकरण और विकसित भारत @2047 की दिशा में उभरती सुरक्षा प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करेंगे। व्यापक कार्यक्रमों की इस श्रृंखला के अंतर्गत भारतीय सेना द्वारा 31 अक्टूबर 2025 को यंग लीडर्स फोरम का आयोजन भी किया गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं में रणनीतिक जागरूकता विकसित करना था।

यह पूर्वावलोकन आगामी चाणक्य रक्षा संवाद 2025 के प्रति देश और विशेषज्ञ समुदाय में उत्सुकता को और बढ़ाता है तथा भारत के सशक्त और सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण विमर्श की भूमिका तय करता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।