‘बाल शब्दावली’ की कविताओं से गूंजा काव्य भवन, बच्चों ने बढ़ाया हिंदी का मान

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (17/11/2025): नोएडा, सेक्टर-49 स्थित साहित्य सदन के काव्य भवन सभागार में बाल दिवस के अवसर पर एक अनूठे सांस्कृतिक और साहित्यिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने काव्य पाठ के माध्यम से हिंदी भाषा के प्रति अपनी अभिरुचि और रचनात्मकता को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया। यह आयोजन साहित्य वेलफेयर कल्चरल एंड स्पोर्ट्स फेडरेशन तथा राष्ट्रीय कवि पंचायत मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।

फेडरेशन के नेशनल चेयरमैन एवं कार्यक्रम के संयोजक पंडित साहित्य चंचल ‘साधक’ के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी में हिंदी भाषा के प्रति रुचि जगाना और कविता के माध्यम से बाल मन में शब्दों की संवेदना को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि अंग्रेज़ी के बढ़ते प्रभाव के दौर में बच्चों द्वारा हिंदी कविताओं का अभ्यास और प्रस्तुति भाषा संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता देश के वरिष्ठ साहित्यकार जे. पी. रावत ने की, जबकि संचालन लोकप्रिय कवियित्री पूनम माहेश्वरी ने अपने प्रभावी अंदाज़ में किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एआईसीसी की राष्ट्रीय प्रवक्ता साधना भारती उपस्थित रहीं। इसके अलावा हिंदी अकादमी, दिल्ली के पूर्व उप-सचिव ऋषि कुमार शर्मा, कांग्रेस प्रवक्ता राजेश यादव तथा समाजसेवी राजेश राजपूत विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर मौजूद रहे।

बाल कविता पाठन स्पर्धा में बच्चों ने दिखाई प्रतिभा

‘बाल शब्दावली’ पुस्तक की कविताओं पर आधारित बाल कविता पाठन प्रतियोगिता कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही। निर्णायक मंडल में बाबा कानपुरी, किशोर श्रीवास्तव, तूलिका सेठ, ताबिश खैराबादी और डॉ. नीलम ‘बावरा मन’ शामिल रहे, जिन्होंने बच्चों के प्रस्तुतीकरण, उच्चारण, भाव-प्रेषण और अभिव्यक्ति के आधार पर परिणाम घोषित किए।

प्रथम स्थान — कक्षा 3 की जाह्नवी

द्वितीय स्थान — कक्षा 8 की सुप्रिया

तृतीय स्थान — कक्षा 7 की प्रांजुल

कार्यक्रम में कक्षा 8 के छात्र साहिल उर्फ कार्तिक ने अपनी स्वरचित कविता पढ़कर उपस्थित साहित्यकारों और दर्शकों की विशेष सराहना प्राप्त की। विजेता प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को उपहार और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह और आत्मविश्वास और बढ़ा।

कार्यक्रम में हरिद्वार से पुष्पराज धीमान ‘भुलक्कड़’, संभल से अतुल कुमार शर्मा, बरेली से वरिष्ठ कवियित्री सत्यवती सिंह ‘सत्या’, तथा बागपत से श्रीपाल शर्मा ‘ईदरीशपुरी’ सहित दिल्ली-एनसीआर और विभिन्न राज्यों से आए करीब तीन दर्जन कवियों ने अपनी विभिन्न विधाओं—श्रृंगार, वीर, हास्य, प्रकृति एवं राष्ट्रवादी भाव—पर आधारित कविताएँ सुनाकर वातावरण को काव्यमय बना दिया।

मुख्य अतिथि साधना भारती ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत कविताओं की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भाषा और संस्कृति को आगे बढ़ाने का माध्यम भी हैं। उन्होंने आयोजक मंडल को हिंदी सेवा के इस सार्थक प्रयास के लिए बधाई दी। अति विशिष्ट अतिथि ऋषि कुमार शर्मा ने कहा कि विद्यालय स्तर से ही जब बच्चों को भाषा और साहित्य से जोड़ा जाता है, तो आगे चलकर वही बच्चे भाषा के संवाहक बनने में सक्षम होते हैं। फेडरेशन के चेयरपर्सन पंडित साहित्य चंचल ‘साधक’ ने बताया कि संगठन पिछले 25 वर्षों से हिंदी साहित्य के संवर्धन और युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के लिए कार्यरत है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रमों को और अधिक व्यापक रूप में आयोजित करने की घोषणा की।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।