गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक विकास, चुनौतियों और उम्मीदों पर ‘सच्ची बात’ कार्यक्रम में गहन मंथन

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Greater Noida News (17/11/2025): टेन न्यूज़ लाइव के लोकप्रिय कार्यक्रम “सच्ची बात” के 106वें एपिसोड में गौतम बुद्ध नगर के औद्योगिक परिदृश्य, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शामिल रहे नरेश गुप्ता, सीईओ, फन ज़ू टॉयज़ तथा जिला अध्यक्ष, लघु उद्योग भारती, गौतम बुद्ध नगर और कार्यक्रम का सफल संचालन अमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, अमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा के हेड प्रो. विवेक कुमार ने किया। इसके अलावा राकेश द्विवेदी ने भी ऑनलाइन जुड़कर औद्योगिक सुविधाओं, श्रमिक कल्याण और ईएसआई सेवाओं पर अपनी महत्वपूर्ण राय रखी।

चर्चा के दौरान बताया गया कि गौतम बुद्ध नगर आज वैश्विक स्तर पर तेजी से उभरता हुआ औद्योगिक हब है, जहां नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट अथॉरिटी मिलकर उद्योगों के लिए सुदृढ़ आधार तैयार कर रहे हैं। जिले में वर्तमान में 20,000 से अधिक औद्योगिक इकाइयाँ सक्रिय हैं, जो लाखों लोगों को प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार प्रदान कर रही हैं।

26 वर्षों से उद्योग जगत में सक्रिय नरेश गुप्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने 1977 में एमएससी के बाद बिना किसी संसाधन के घर से एक स्टिचिंग मशीन के साथ सॉफ्ट टॉय निर्माण की शुरुआत की थी। आज उनकी ग्रेटर नोएडा और जेवर टॉय पार्क स्थित फैक्ट्रियों में 300 से अधिक प्रत्यक्ष और 150 से अधिक अप्रत्यक्ष कर्मचारी कार्यरत हैं, तथा उनके उत्पाद विदेशों तक निर्यात होते हैं।

जिले के श्रमिकों से जुड़े प्रश्नों पर चिंता जताई गई कि 3 लाख से अधिक श्रमिकों के लिए केवल एक ही ईएसआई केंद्र मौजूद है। हालांकि सरकार ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिले में एक बड़े ईएसआई अस्पताल के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही सरकार प्लेटफॉर्म वर्कर्स—जैसे स्विगी, जोमैटो डिलीवरी कर्मियों—का रजिस्ट्रेशन भी तेजी से कर रही है। वहीं भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार बोर्ड द्वारा निर्माण मजदूरों के लिए 12 कल्याणकारी योजनाएँ चलाई जा रही हैं।

उद्योगों में कुशल कारीगरों की कमी को सबसे बड़ी चुनौती बताया गया। इस संदर्भ में जानकारी दी गई कि ‘NE Steel Connect’ कार्यक्रम के माध्यम से उद्योग, विश्वविद्यालय और आईटीआई को जोड़ा जाएगा ताकि उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिया जा सके। 2026 से इसके नए बैच शुरू होंगे। कंस्ट्रक्शन सेक्टर में कार्यरत लाखों मजदूरों के लिए 1 दिसंबर से वैज्ञानिक प्रशिक्षण और प्रमाणन कार्यक्रम भी शुरू होने जा रहा है।

चर्चा के दौरान यह भी सामने आया कि वर्तमान सरकार में उद्योगों के लिए माहौल बेहतर हुआ है—भूमि उपलब्धता, सुरक्षा, प्रशासनिक सहयोग और लैंड बैंक नीति को उद्योग जगत ने सकारात्मक करार दिया। सरकार द्वारा एमएसएमई को 50% से 100% तक लीज माफी और एक्सपोर्ट इंसेंटिव देने के फैसले को भी उद्योगों ने सराहा।

हालांकि भूमि की ऊंची कीमतें, बिजली बाधित आपूर्ति, सोलर पैनल नीति की कमी और कुशल कारीगरों की उपलब्धता जैसी समस्याओं को तत्काल समाधान योग्य बताया गया। नरेश गुप्ता ने सुझाव दिया कि आईटीआई को सीधे उद्योगों से जोड़ा जाए और फैक्ट्रियों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने की अनुमति देकर बिजली संकट दूर किया जाए। उन्होंने श्रमिक डॉर्मिटरी, कैंटीन और बुनियादी सुविधाओं में वृद्धि की आवश्यकता भी बताई।

उद्योग प्रतिनिधियों ने सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की, जिससे फायर एनओसी, बिल्डिंग परमिशन, औद्योगिक लाइसेंस सहित सभी स्वीकृतियाँ एक ही प्लेटफॉर्म पर मिल सकें। इससे उद्योग स्थापना और विस्तार की प्रक्रिया तेज़ होगी और प्रदेश के आर्थिक लक्ष्य को प्राप्त करने में गति मिलेगी।

कार्यक्रम का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि यदि सरकार और उद्योग जगत मिलकर इन समस्याओं का समाधान करें, तो गौतम बुद्ध नगर प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की 5 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।