यमुना प्राधिकरण का सख्त रुख: 600 से अधिक भूखंड आवंटियों को नोटिस जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (7 जनवरी 2025): यमुना प्राधिकरण ने औद्योगिक भूखंडों के आवंटियों को लेकर एक बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने 605 आवंटियों को नोटिस जारी किया है, जिनमें से अधिकांश ने औद्योगिक भूखंडों की लीज डीड तो करवा ली है, लेकिन अब तक न तो नक्शा स्वीकृत कराया है और न ही निर्माण कार्य शुरू किया है।

प्राधिकरण के ओएसडी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि औद्योगिक सेक्टर-28, 29, 32 और 33 के 605 आवंटियों को नोटिस देकर शीघ्र नक्शा स्वीकृत कराने और निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

यमुना प्राधिकरण ने अब तक औद्योगिक क्षेत्र में 3041 भूखंड आवंटित किए हैं। इनमें से कुछ भूखंडों पर निर्माण कार्य जारी है, जबकि 10 से अधिक कंपनियों ने अपना कामकाज शुरू कर दिया है। हालांकि, बड़ी संख्या में आवंटियों द्वारा निर्माण कार्य में देरी चिंता का विषय बनी हुई है।

प्राधिकरण का मानना है कि अप्रैल महीने में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से हवाई सेवाएं शुरू होने के बाद क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियां तेजी से बढ़ेंगी। इसके मद्देनजर आवंटियों को जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

यमुना प्राधिकरण ने बड़े औद्योगिक भूखंड प्रमुख कंपनियों को आवंटित किए हैं। इन कंपनियों के शुरू होने से क्षेत्र में रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी और बसावट को भी बल मिलेगा। निर्माण कार्य शुरू कराने के उद्देश्य से प्राधिकरण द्वारा यह कदम उठाया गया है ताकि भविष्य में औद्योगिक विकास में कोई बाधा न आए।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि नक्शा स्वीकृत कराने की प्रक्रिया में देरी करने वाले आवंटियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। जिन आवंटियों ने अभी तक नक्शा स्वीकृत नहीं कराया है, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने और प्राधिकरण की योजनाओं को साकार करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।