22 दिसंबर को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर होगी किसानों की महापंचायत: चौधरी राकेश टिकैत ने किया ऐलान

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (03/11/2025): भारतीय किसान यूनियन (BKU) के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने सोमवार को ग्रेटर नोएडा स्थित कैंप कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर 2025 को ग्रेटर नोएडा के जीरो पॉइंट पर एक विशाल किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नोएडा, मथुरा, बुलंदशहर, हाथरस और आगरा सहित कई जिलों के किसान शामिल होंगे।

टिकैत ने प्रेस वार्ता में कहा कि यमुना एक्सप्रेसवे का निर्माण गौतमबुद्ध नगर से आगरा तक हुआ है, लेकिन इसके लिए किसानों की भूमि का अधिग्रहण करने के बावजूद उन्हें अब तक 64.7 प्रतिशत मुआवजा और 10 प्रतिशत किसान कोटे के प्लॉट नहीं मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यमुना विकास प्राधिकरण (YIDA) ने किसानों से भूमि तो ले ली, लेकिन वादों को पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा, किसानों के धैर्य की अब परीक्षा मत लो। जब तक हमारा हक और मुआवजा नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा। 22 दिसंबर की महापंचायत किसानों की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का मंच बनेगी।

राकेश टिकैत ने यह भी कहा कि गौतमबुद्ध नगर जिले के किसी भी गांव की आबादी का निस्तारण आज तक नहीं किया गया है, जिससे ग्रामीणों को अनेक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जेवर से आगरा तक सर्विस रोड के तत्काल निर्माण की मांग की और कहा कि यह किसानों की जीवनरेखा है, जिसे लेकर अब वे आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।

भाकियू प्रवक्ता ने कहा कि महापंचायत में निम्न प्रमुख मांगों को उठाया जाएगा:

किसानों को उनका 64.7% मुआवजा और 10% किसान कोटे के प्लॉट तुरंत दिए जाएं।

जेवर से आगरा तक दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण जल्द पूरा किया जाए।

टोल प्लाजा पर स्थानीय लोगों को आधार कार्ड दिखाकर निशुल्क आवागमन की सुविधा दी जाए।

जिन गांवों की भूमि का अधिग्रहण हो चुका है, वहां के युवाओं को रोजगार मुहैया कराया जाए।

गांवों को भी सेक्टरों की तर्ज पर विकसित किया जाए ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाएं मिल सकें।

इस अवसर पर कई जिलों के किसान नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें जेवर जिला अध्यक्ष रॉबिन नागर, अशोक भाटी, मनोज मावी, लाला यादव, युवा जिला अध्यक्ष ललित चौहान, बुलंदशहर जिला अध्यक्ष अरब सिंह, अलीगढ़ जिला अध्यक्ष सुंदर बालियान, मथुरा जिला अध्यक्ष कुमारी मीरा और आगरा जिला अध्यक्ष राजवीर लवानिया शामिल रहे। सभा में उपस्थित किसानों ने एक स्वर में कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो यह आंदोलन और व्यापक रूप लेगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।