रेखा गुप्ता सरकार के 8 माह के कामकाज को बीजेपी ने बताया ऐतिहासिक सुधार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

New Delhi News (24 October 2025): दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि रेखा गुप्ता सरकार के केवल आठ महीनों के कार्यकाल में यमुना जी के जल की स्थिति में ऐतिहासिक सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि “25 अक्टूबर 2024 को जब मैंने यमुना जी की दुर्दशा उजागर करने के लिए आईटीओ घाट पर डुबकी लगाई थी, तब मुझे संक्रमण के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। लेकिन आज, 23 अक्टूबर 2025 को, रेखा गुप्ता सरकार की मेहनत का परिणाम यह है कि यमुना जी का पानी इतना स्वच्छ हो गया है कि भाजपा प्रवक्ता डॉ. अनिल गुप्ता ने पत्रकारों के समक्ष उसका आचमन किया।”

भाजपा प्रवक्ता और पर्यावरण विशेषज्ञ डॉ. अनिल गुप्ता ने यमुना सफाई अभियान की प्रगति को लेकर लाइव टीवी पर डेमो भी दिया। उन्होंने कहा कि “यमुना जी के पानी में अब बदबू नहीं है, और इसका मिश्रित ऑक्सीजन स्तर 4.5 से 5.5 के बीच है, जबकि पीएच स्तर 7.5 तक पहुंच गया है, जो सामान्य मानकों के करीब है।” उन्होंने इसे रेखा गुप्ता सरकार के ‘सिस्टमेटिक रिवर क्लीनिंग मॉडल’ की सफलता बताया, जिसके तहत यमुना में गिरने वाले 22 प्रमुख नालों को ट्रीटमेंट सिस्टम से जोड़ा गया है।

सचदेवा ने कहा कि “केजरीवाल सरकार के समय यमुना जी गंदे नाले जैसी बन गई थी। उस वक्त केवल प्रचार हुआ, लेकिन असल में सफाई नहीं हुई। आज भाजपा सरकार ने यह साबित कर दिया कि अगर नीयत साफ हो तो नदियाँ भी स्वच्छ हो सकती हैं।” उन्होंने आगे कहा कि यमुना पुनरुद्धार केवल पर्यावरणीय उपलब्धि नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था से जुड़ा कार्य भी है, क्योंकि दिल्ली की संस्कृति में यमुना जी और छठ मईया का विशेष स्थान है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि “यमुना माँ हों या छठ मईया, अरविंद केजरीवाल सरकार ने दोनों के नाम पर भ्रष्टाचार किया। इसी भ्रष्टाचार और असफल योजनाओं के कारण ही आज आम आदमी पार्टी सत्ता से बाहर है।” उन्होंने यह भी कहा कि रेखा गुप्ता सरकार अब “यमुना पुनर्जीवन मिशन” के दूसरे चरण पर काम कर रही है, जिसके तहत घाटों का सौंदर्यीकरण, जैविक ऑक्सीजन मांग (BOD) में और कमी, तथा यमुना किनारों पर हरित पट्टी का विस्तार किया जाएगा।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।