Bihar News (24 October 2025): बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और RJD नेता तेजस्वी यादव को विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया और VIP प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री चेहरा घोषित किया गया। कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने इंडी गठबंधन के संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में नामों का ऐलान किया।
मुकेश सहनी का बॉलीवुड से राजनीति तक का सफर
बिहार के चर्चित नेता मुकेश सहनी, जिन्हें “मल्लाह का बेटा” कहा जाता है, ने अपने जीवन की शुरुआत एक सामान्य परिवार से की और संघर्षों के बल पर खुद को बिहार की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरा बनाया। सहनी ने अपने करियर की शुरुआत बॉलीवुड में एक सेट डिजाइनर के रूप में की थी। मुंबई में “मुकेश सिनेवर्ल्ड प्राइवेट लिमिटेड” कंपनी की स्थापना कर उन्होंने मनोरंजन जगत में अपनी पहचान बनाई। 19 वर्ष की आयु में बिहार छोड़कर मुंबई आए सहनी ने शुरुआती दिनों में सेल्समैन के रूप में काम किया और बाद में फिल्म सेट डिज़ाइनिंग के क्षेत्र में सफलता हासिल की।
सहनी का समाज सेवा से राजनीति की ओर
मुकेश सहनी ने वर्ष 2010 में सामाजिक सरोकारों की दिशा में कदम बढ़ाते हुए “सहनी समाज कल्याण संस्था” की स्थापना की। इस संस्था के माध्यम से उन्होंने शिक्षा और राजनीतिक जागरूकता फैलाने का काम किया। दरभंगा और पटना में खुले दो कार्यालयों के जरिये उन्होंने अपने समुदाय को संगठित करना शुरू किया। आगे चलकर उन्होंने 2015 में निषाद विकास संघ का गठन किया, जिसने बिहार के मछुआरा और मल्लाह समुदाय को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने में अहम भूमिका निभाई।
मुकेश सहनी का भाजपा से शुरुआत और राजनीतिक मोड़
मुकेश सहनी ने वर्ष 2014 में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक के रूप में राजनीति में कदम रखा। लेकिन निषाद समाज को आरक्षण दिलाने के वादे पूरे न होने पर उन्होंने भाजपा से नाता तोड़ लिया। इसके बाद सहनी ने 2018 में अपनी राजनीतिक पार्टी विकासशील इंसान पार्टी (VIP) की स्थापना की। यह पार्टी निषाद समुदाय की आवाज़ बनकर उभरी और बिहार की राजनीति में एक नए सामाजिक समीकरण का प्रतीक बनी।
सहनी का गठबंधन राजनीति और मंत्री पद
2019 के लोकसभा चुनाव में सहनी की वीआईपी पार्टी ने महागठबंधन के साथ तीन सीटों पर चुनाव लड़ा, हालांकि सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद उन्होंने 2020 में राजनीतिक समीकरण बदलते हुए एनडीए में वापसी की और बिहार विधानसभा चुनाव में हिस्सा लिया। उनकी पार्टी ने चार सीटें जीती और सहनी को पशुपालन एवं मत्स्य पालन मंत्री के रूप में नीतीश कुमार मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। यह उनके राजनीतिक करियर का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव था।
सहनी की बर्खास्तगी और नए संघर्ष की शुरुआत
27 मार्च 2022 को मुकेश सहनी को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया, जिससे बिहार की राजनीति में हलचल मच गई। इसके बाद भी उन्होंने हार नहीं मानी और अपने समुदाय के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय बने हुए हैं। सहनी का राजनीतिक सफर संघर्ष, अवसर और समाज के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है। वे अब भी बिहार की राजनीति में मल्लाह समाज की आवाज़ और हाशिए पर खड़े वर्गों के प्रतिनिधि के रूप में देखे जाते हैं।।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।