भाजपा नेता रमेश विधूड़ी की टिप्पणी पर बवाल, अलका लांबा ने पूछा तीखे सवाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली, (5 जनवरी 2025): भाजपा नेता और कालकाजी से पार्टी के उम्मीदवार रमेश विधूड़ी द्वारा कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। कांग्रेस महिला अध्यक्ष एवं कालकाजी से कांग्रेस की उम्मीदवार अलका लांबा ने इस टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए रमेश विधूड़ी, भाजपा नेतृत्व, और दिल्ली की जनता से सीधे सवाल किए हैं।

अलका लांबा ने कहा, “रमेश विधूड़ी की भाषा न केवल प्रियंका गांधी के खिलाफ अभद्र है, बल्कि यह महिलाओं के प्रति उनकी सोच और उनके चरित्र को भी उजागर करती है। मैं कालकाजी के लोगों से पूछना चाहती हूं कि क्या आप ऐसा जनप्रतिनिधि चुनना चाहेंगे, जो हमारी मां-बहन-बेटियों के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करता हो?”

कांग्रेस नेता ने भाजपा से भी सवाल पूछा कि क्या पार्टी रमेश विधूड़ी की इस टिप्पणी पर कोई कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा, “हम जानना चाहते हैं कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया देगा। क्या वे रमेश विधूड़ी को इस बयान के लिए माफी मांगने को कहेंगे, या हमेशा की तरह चुप रहकर महिलाओं के अपमान को बढ़ावा देंगे?”

अलका लांबा ने इस पूरे मामले को सिर्फ प्रियंका गांधी का नहीं, बल्कि सभी महिलाओं का मुद्दा बताया। उन्होंने कहा, “यह मामला दिल्ली की सभी मां, बहन और बेटियों का है। इस तरह की भाषा निंदनीय है और इसका पुरजोर विरोध किया जाना चाहिए। भाजपा को देश और दिल्ली की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।”

इस विवाद के चलते भाजपा पर दबाव बढ़ता जा रहा है। अब देखना होगा कि पार्टी रमेश विधूड़ी के बयान पर क्या कदम उठाती है। फिलहाल, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर हमलावर बने हुए हैं।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।