दनकौर में रिटायर्ड फौजी की हत्या, पटाखा विवाद ने ली जान

टेन न्यूज नेटवर्क

GREATER NOIDA News (22/10/2025): दिवाली की खुशियां दनकौर क्षेत्र के मुतैना गांव में उस वक्त मातम में बदल गईं जब पटाखा छोड़ने के विवाद में एक रिटायर्ड फौजी की हत्या कर दी गई। मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया और भतीजे ने अपने ही चाचा की जान ले ली। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, मुतैना गांव निवासी सतपाल (62 वर्ष) भारतीय सेना से रिटायर हुए थे। सोमवार रात वे अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी उनके भतीजे सुभाष समेत कुछ युवक घर के पास पटाखे फोड़ रहे थे। सतपाल ने पटाखों से हो रहे शोर और धुएं पर आपत्ति जताई। इसी बात पर सुभाष और सतपाल के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।

लेकिन थोड़ी देर बाद विवाद ने फिर से विकराल रूप ले लिया। आरोप है कि सुभाष अपने भाई कुलदीप, पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के साथ लाठी-डंडे और ईंट लेकर सतपाल के घर पहुंच गया। उस समय सतपाल सो रहे थे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने घर में घुसकर उन पर बेरहमी से हमला किया। ईंट लगने से सतपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे की शिकायत पर सुभाष, कुलदीप, एक महिला और एक अन्य आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है।थाना प्रभारी ने बताया कि सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, सतपाल गांव में शांत स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। सेना से रिटायर होने के बाद वे खेतीबाड़ी करते थे और सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय रहते थे। दिवाली की रात उनके परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।