बिहार चुनाव 2025: प्रशांत किशोर ने BJP और NDA पर लगाया गंभीर आरोप, जाने क्या है पूरा मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

Bihar News (21 October 2025): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर राजनीति में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले चरण के नामांकन और नाम वापसी की तारीखें खत्म हो चुकी हैं, लेकिन राजनीतिक गतिविधियाँ और अधिक तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में जनसुरज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पटना में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और NDA पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उनके कई उम्मीदवारों पर केंद्र और राज्य स्तर से दबाव बनाया जा रहा है ताकि वे नामांकन वापस ले लें।

प्रशांत किशोर ने सबसे पहले दानापुर विधानसभा के मामले को उठाया। उन्होंने दावा किया कि उनके घोषित उम्मीदवार मुटूर शाह को नामांकन कराने के लिए निर्वाचन कार्यालय तक जाने नहीं दिया गया। किशोर ने बताया कि मुटूर शाह को पूरे दिन भारतीय गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ बैठाया गया। उन्होंने फोटो दिखाते हुए कहा कि यदि देश के गृह मंत्री ही किसी उम्मीदवार पर दबाव डालें, तो कोई विकल्प नहीं बचता।

दूसरे आरोप में उन्होंने ब्रह्मपुर विधानसभा के प्रत्याशी सत्य प्रकाश तिवारी का मामला बताया। किशोर ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान के दबाव में सत्य प्रकाश तिवारी ने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने फोटो जारी करते हुए बताया कि धर्मेंद्र प्रधान स्वयं तिवारी के घर जाकर उनके साथ चाय और नाश्ता करते हुए उन्हें नामांकन वापस लेने के लिए मनाते रहे।

तीसरे मामले में गोपालगंज विधानसभा के प्रत्याशी शशि शेखर सिन्हा का नाम लिया गया। किशोर ने आरोप लगाया कि शशि शेखर सिन्हा को भी दबाव डालकर नामांकन वापस लेने के लिए मजबूर किया गया। उन्होंने फोटो दिखाते हुए कहा कि किस तरह भाजपा प्रत्याशी सुभाष सिंह को माला पहनाते हुए शशि शेखर सिन्हा देख रहे थे।

प्रशांत किशोर ने प्रेस कांफ्रेंस में खुलासा किया कि उनकी पार्टी के लगभग 14 उम्मीदवारों पर इसी तरह का दबाव डाला जा रहा था, जिनमें से तीन प्रत्याशी दबाव में आकर टूट गए, लेकिन बाकी 11 ने साफ इनकार किया। किशोर ने पटना के कुम्हरार विधानसभा के प्रत्याशी के सी सिन्हा का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी प्रकार के दबाव को स्वीकार नहीं किया और टिकट वापस लेने से साफ इनकार कर दिया।

उन्होंने कहा कि आम जनता और स्थानीय नेताओं की बात छोड़िए, अब तो केंद्र के मंत्री बिहार में आकर उनके उम्मीदवारों को डराने-धमकाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने बताया कि इस मामले को लेकर उनकी पार्टी चुनाव आयोग के सामने भी शिकायत कर रही है और अब देखना है कि चुनाव आयोग इस पर क्या निर्णय लेता है।।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।