दीपावली के बाद भी दिल्ली की हवा स्थिर, सिरसा बोले — “अब दिल्ली बदल रही है और यह बदलाव दिख भी रहा है”

टेन न्यूज नेटवर्क

New Delhi News (21 अक्टूबर 2025): दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में कहा कि “दिल्ली ने इस बार ज़िम्मेदारी से दीपावली मनाई है, और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में हमारी नीतियाँ सफल रही हैं।” मंत्री के अनुसार, दीपावली की रात के बाद दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) केवल 6 अंकों से बढ़ा — पिछले दिन का 345 से बढ़कर आज 351 रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 360 था।

सिरसा ने दावा किया कि यह दिल्ली के इतिहास के सबसे स्वच्छ दीपावली बाद के दिनों में से एक है। उन्होंने कहा, “यह साबित करता है कि पटाखे प्रदूषण के मुख्य कारण नहीं हैं। जनता ने नियमों का पालन किया, और हमारी कोशिशों से हवा की गुणवत्ता स्थिर रही।”

मंत्री ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर आरोप लगाया कि “दिल्ली की हवा को ज़हरीला बनाने की साजिश पंजाब से रची जा रही है। किसानों को पराली जलाने के लिए मजबूर किया जा रहा है ताकि दिल्ली को प्रदूषित बताया जा सके।” सिरसा ने कहा कि पिछले चार दिनों में पंजाब में पराली जलाने की घटनाएँ अचानक बढ़ गई हैं, जो सुनियोजित राजनीति का हिस्सा है।

विपक्ष पर तीखा हमला करते हुए उन्होंने कहा, “दीपावली भारत की आत्मा का त्योहार है। इसे राजनीति से जोड़ना पाप है। अरविंद केजरीवाल और उनकी टीम धर्म के नाम पर समाज को बाँटने की कोशिश कर रही है।”

पर्यावरण मंत्री ने बताया कि पिछले सात महीनों में दिल्ली में 27 लाख मीट्रिक टन कूड़ा हटाया गया, 500 वर्गमीटर से बड़ी निर्माण साइटों की सख्त मॉनिटरिंग की जा रही है, और इलेक्ट्रिक तथा CNG बसों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी हुई है।

सिरसा ने कहा, “27 साल की बीमारियों को हमने सात महीनों में ठीक करना शुरू किया है। अब दिल्ली की हवा में सुधार दिखने लगा है।” उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली में अब तक 21% नई कंस्ट्रक्शन गतिविधियाँ बढ़ी हैं और पुराने वाहनों पर लगी अनुचित पाबंदियाँ हटाई गई हैं, फिर भी प्रदूषण स्तर नियंत्रित रहा है।

विपक्ष के आरोपों पर कटाक्ष करते हुए मंत्री बोले, “आप दस साल मुख्यमंत्री रहे, लेकिन दिल्ली को सिर्फ़ कूड़े के पहाड़ और प्रदूषित यमुना दी। हमने सात महीनों में दिल्ली को नई दिशा दी है, इसलिए अब उनके पेट में दर्द होना स्वाभाविक है।”

‘क्लाउड सीडिंग’ पर भ्रम दूर करते हुए सिरसा ने कहा, “क्लाउड सीडिंग तभी संभव है जब बादल हों — पहले ‘क्लाउड’ आता है, फिर ‘सीडिंग’। बिना बादल के इसे करना वैज्ञानिक रूप से असंभव है।”

अंत में उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सुरक्षित हाथों में है। यमुना की सफाई से लेकर निर्माण स्थलों की निगरानी तक, हर कदम प्रदूषण घटाने की दिशा में है। अब दिल्ली बदल रही है — और यह बदलाव साफ़ दिख रहा है।”


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.


Discover more from टेन न्यूज हिंदी

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

टिप्पणियाँ बंद हैं।