नोएडा में प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री का भंडाफोड़, पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

टेन न्यूज नेटवर्क

NOIDA News (13/10/2025): दिवाली से पहले नोएडा पुलिस ने प्रतिबंधित पटाखों की अवैध बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना फेस-3 पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो भारी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखे बेचने की तैयारी में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रघुनंदन के रूप में हुई है।

थाना फेस-3 प्रभारी ने बताया कि, पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सेक्टर-71 स्थित शिव शक्ति अपार्टमेंट के सामने एक व्यक्ति अवैध रूप से पटाखों की बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके पर छापा मारा और आरोपी रघुनंदन को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित व खतरनाक पटाखे बरामद किए हैं। इनमें विभिन्न कंपनियों के “मेगा शॉट्स”, “तूफान”, “ग्रीन बम”, “डिजिटल बम” और “फुलझड़ी” जैसे कई प्रकार के पटाखे शामिल हैं। बरामदगी में कुल 16 प्रकार के पटाखों के पैकेट व डिब्बे पाए गए हैं, जिनकी संख्या सैकड़ों में बताई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी यह पटाखे स्थानीय बाजारों और आस-पास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। फिलहाल पुलिस ने प्रतिबंधित सामग्री को जब्त कर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि जिले में प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लागू है। ऐसे मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि दीपावली के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना या प्रदूषण न फैल सके। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे केवल ग्रीन पटाखों का ही सीमित मात्रा में उपयोग करें और किसी भी अवैध बिक्री की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।