GREATER NOIDA News (07/10/2025): सेक्टर-22 क्षेत्र में महिलाओं को झांसे में लेकर उनका कीमती सामान चोरी करने वाले एक गिरोह के तीन सदस्यों को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के नाम कमल, दिलशेर और वाजिद बताए गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से पीली धातु के दो कान के टॉप्स, एक लॉकेट, लाल-सफेद मोतियों की माला और 9,780 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों को सेक्टर-22 इलाके से पकड़ा गया। इन पर पहले भी बुलंदशहर, नोएडा, मुजफ्फरनगर और खतौली में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि 5 अक्टूबर को वह मयूर विहार फेज-3 जाने के लिए सेक्टर-12/22 चौराहे पर खड़ी थी। तभी तीन व्यक्ति उसके पास आए और बोले, आपके भाइयों में झगड़ा चल रहा है, हम पूजा करवाकर सब ठीक कर देंगे। महिला को विश्वास दिलाने के लिए उन्होंने उसे सेक्टर-22 के आई ब्लॉक स्थित मंदिर चलने को कहा।
मंदिर पहुंचने पर आरोपियों ने झांसा दिया कि पूजा के प्रभाव के लिए आपको अपनी ज्वैलरी उतारकर पर्स में रखनी होगी। महिला उनकी बातों में आ गई और गहने पर्स में रख दिए। कुछ देर बाद आरोपियों ने चतुराई से पर्स अपने कब्जे में लेकर वहां से गायब हो गए। जब महिला को ठगी का अहसास हुआ तो उसने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी संगठित तरीके से महिलाओं को धार्मिक भावनाओं के नाम पर फंसाते थे। ये खुद को तांत्रिक या धार्मिक व्यक्ति बताकर पूजा करवाने के बहाने महिलाओं से गहने उतरवाकर लेकर फरार हो जाते थे। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनके अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इनका किसी बड़े गिरोह से संबंध है।
नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति की बातों में आकर अपने गहने या कीमती सामान न दें, और किसी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
Discover more from टेन न्यूज हिंदी
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
टिप्पणियाँ बंद हैं।