ITS इंजीनियरिंग कॉलेज में साइबर अपराध और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव पर विशेषज्ञ व्याख्यान आयोजित
टेन न्यूज नेटवर्क
Greater Noida News (25/11/2026): ग्रेटर नोएडा स्थित आईटीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में विश्व विज्ञान दिवस (शांति एवं विकास) के अवसर पर विद्यार्थियों को सुरक्षित बैंकिंग और साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कॉलेज के एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज विभाग की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में “बैंकिंग परिचालन, जोखिम प्रबंधन, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं साइबर अपराध” विषय पर विस्तार से चर्चा की गई।
विभागाध्यक्ष डॉ. ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक के सेवानिवृत्त शाखा प्रमुख एवं बैंकिंग ऑपरेशंस ट्रेनर श्री प्रमोद कुमार अग्रवाल मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ अपने बैंकिंग अनुभव साझा करते हुए सुरक्षित वित्तीय लेन-देन, बैंकिंग प्रक्रियाओं और डिजिटल माध्यमों से होने वाली धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
अपने संबोधन में श्री अग्रवाल ने बताया कि डिजिटल बैंकिंग के बढ़ते इस्तेमाल के साथ वित्तीय धोखाधड़ी और साइबर अपराधों के मामले भी चुनौती बन रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति के लिए बैंकिंग नियमों और सुरक्षा उपायों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी सुरक्षित रखने की सलाह दी।
उन्होंने विशेष रूप से डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों का उल्लेख करते हुए बताया कि साइबर अपराधी किस प्रकार लोगों को डराकर उनकी आर्थिक जानकारी हासिल करने और ठगी करने का प्रयास करते हैं। इसके अलावा, एटीएम से नकदी निकालते समय जरूरी सावधानियों, ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़े जोखिमों और बैंकिंग लेन-देन के सुरक्षित तरीकों पर भी व्यावहारिक जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, पासवर्ड, पिन या अन्य गोपनीय बैंकिंग विवरण किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए।
व्याख्यान के दौरान उन्होंने विभिन्न सरकारी बैंकिंग योजनाओं, वित्तीय नियोजन और करियर विकास में बैंकिंग सेवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। साथ ही, बैंक खातों में परिवार के किसी सदस्य को नॉमिनी बनाने के महत्व को समझाते हुए बताया कि इससे खाताधारक की मृत्यु की स्थिति में खाते में जमा धनराशि के दावे और हस्तांतरण की प्रक्रिया आसान हो सकती है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ संकाय सदस्यों ने भी सक्रिय भागीदारी की। संवादात्मक सत्र के दौरान विद्यार्थियों को बैंकिंग परिचालन, वित्तीय जोखिम प्रबंधन और साइबर अपराधों से बचाव के व्यावहारिक पहलुओं को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के अंत में एप्लाइड साइंस एंड ह्यूमैनिटीज विभाग ने विद्यार्थियों के शैक्षणिक ज्ञान के साथ-साथ सामाजिक एवं वित्तीय जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यान और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई। यह सत्र विद्यार्थियों को जिम्मेदार और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग व्यवहार अपनाने के प्रति जागरूक करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति , दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।
टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.
टिप्पणियाँ बंद हैं।