ढकी नंबर प्लेट वाली कार का चालान काटने पर विवाद, ट्रैफिक हेड कांस्टेबल लाइन हाजिर

टेन न्यूज नेटवर्क

Greater Noida News (25/11/2026): ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर घंटा चौक पर सफेद कागज से ढकी नंबर प्लेट वाली कार का चालान काटने के बाद पुलिस विभाग में विवाद खड़ा हो गया। मामले में यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल नकुल को लाइन हाजिर कर दिया गया है। वहीं, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

मामला 16 नवंबर की शाम का है। जानकारी के मुताबिक, हेड कांस्टेबल नकुल सूरजपुर घंटा चौक पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान यामाहा तिराहे की ओर से आ रही एक हुंडई क्रेटा कार को रोककर जांच की गई। इस दौरान कार की आगे और पीछे की दोनों नंबर प्लेट सफेद कागज से ढकी मिलीं। कांस्टेबल ने चालक को कार से नीचे उतरने के लिए कहा, लेकिन वह बाहर नहीं आया। इसके बाद नंबर प्लेट से छेड़छाड़ और यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में कार का 30 हजार रुपये का चालान काट दिया गया।

चालान किए जाने से नाराज कार सवार युवक ने फोन कर अपने पिता को मौके पर बुला लिया। युवक के पिता विनोद कुमार नॉलेज पार्क कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। सूचना मिलने पर वह घटनास्थल पर पहुंचे। इसी दौरान एसओजी टीम भी मौके पर पहुंच गई। कांस्टेबल ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी यातायात निरीक्षक (टीआई) और यातायात उपनिरीक्षक (टीएसआई) को दी।

विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब कांस्टेबल नकुल के व्यवहार और वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत के तरीके पर सवाल उठने लगे। आरोप है कि उन्होंने अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी की और बातचीत के दौरान अनुचित भाषा का इस्तेमाल किया। मामले की जानकारी मिलने पर डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास ने दोनों पक्षों को अपने कार्यालय बुलाकर उनका पक्ष सुना।

वहीं, इंस्पेक्टर विनोद कुमार का कहना है कि उनका बेटा अस्पताल से जरूरी दस्तावेज लेने के लिए कार से निकला था। उनकी पत्नी लंबे समय से बीमार हैं और इसी सिलसिले में बेटा अस्पताल जा रहा था। उन्होंने कांस्टेबल के साथ अभद्रता किए जाने के आरोपों को भी गलत बताया है।

इस बीच, सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में घंटा चौक पर खड़ी क्रेटा कार की नंबर प्लेट पर सफेद कागज चिपका हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ विशेष और गोपनीय पुलिस अभियानों के दौरान नंबर प्लेट ढकी हुई गाड़ियों का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, संबंधित कार को किन परिस्थितियों में इस्तेमाल किया जा रहा था और उसकी नंबर प्लेट क्यों ढकी गई थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

डीसीपी ट्रैफिक सैय्यद अली अब्बास के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में कांस्टेबल का बातचीत करने का तरीका उचित नहीं पाया गया। साथ ही, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों को गंभीरता से नहीं लेने की बात भी सामने आई। इसी आधार पर उसे फिलहाल लाइन हाजिर किया गया है।

अब एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह पूरे मामले की जांच करेंगी। जांच में चालान की कार्रवाई, मौके पर हुए विवाद और संबंधित पुलिसकर्मियों के व्यवहार सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की विभागीय कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।