तेज रफ्तार और लापरवाही ने ली छात्र अमन तोमर की जान! 11 दिन बाद दोस्त के खिलाफ मुकदमा दर्ज

टेन न्यूज नेटवर्क

Jewar News (25/11/2026): दनकौर कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले छात्र अमन तोमर के मामले में पुलिस ने घटना के 11 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के पिता ने बेटे के साथ कार में सवार उसके दोस्त पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बागपत जिले के बड़ौत निवासी अमित कुमार का बेटा अमन नोएडा में डेटा एनालिस्ट का कोर्स कर रहा था। पिता के मुताबिक, 13 नवंबर की सुबह करीब छह बजे पर्व नाम के युवक ने फोन कर उन्हें अमन के सड़क हादसे में घायल होने की सूचना दी। बताया गया कि अमन को निम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली।

अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि अस्पताल में मौजूद पर्व, शुभ और शिवम ने उन्हें हादसे के बारे में जानकारी दी थी। उनके अनुसार, अमन और नितिन बलेनो कार से गौर सिटी की ओर से दनकौर जा रहे थे, जबकि तीनों युवक दूसरी कार में उनके पीछे चल रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान नितिन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाई, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में अमन की मौत हो गई।

मृतक के पिता ने यह भी आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद कार चला रहा नितिन मौके से चला गया। बेटे की मौत के बाद से ही परिवार मामले में कार्रवाई की मांग कर रहा था। अब घटना के 11 दिन बाद पुलिस ने पिता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार के मुताबिक, अमित कुमार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन भारत सरकार , दिल्ली सरकार, राष्ट्रीय एवं दिल्ली राजनीति ,   दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस तथा दिल्ली नगर निगम, NDMC, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : राष्ट्रीय न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टेन न्यूज हिंदी | Ten News English | New Delhi News | Greater Noida News | NOIDA News | Yamuna Expressway News | Jewar News | NOIDA Airport News.

टिप्पणियाँ बंद हैं।