पीएम मोदी करेंगे दिल्ली में चुनावी अभियान का आगाज, मेट्रो और हाईवे समेत 4500 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

टेन न्यूज नेटवर्क

नई दिल्ली (02 जनवरी 2025): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शुक्रवार को दिल्ली में चुनावी बिगुल फूंकते हुए मेट्रो, हाईवे और अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। रोहिणी स्थित जापानी पार्क में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए वह दिल्ली मेट्रो के फेज-4 के अंतर्गत रिठाला-नरेला लाइन का शिलान्यास करेंगे। इसके साथ ही दिल्ली-सहारनपुर नेशनल हाईवे का भी शुभारंभ करेंगे। इन परियोजनाओं का मुख्य उद्देश्य दिल्लीवासियों को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने और शहर को प्रदूषण मुक्त बनाना है। इसके अलावा प्रधानमंत्री चार अन्य प्रमुख परियोजनाओं की भी घोषणा करेंगे, जो दिल्ली की आधारभूत संरचना को मजबूत बनाएंगी।

सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी पूर्वी और पश्चिमी दिल्ली में दिल्ली विश्वविद्यालय के दो नए परिसरों की आधारशिला भी रख सकते हैं। इनमें वीर सावरकर और सुषमा स्वराज के नाम पर बनने वाले कॉलेज शामिल हैं। सावरकर कॉलेज पर लगभग 140 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है, और इस योजना को पहले ही 2021 में मंजूरी मिल चुकी है।

प्रधानमंत्री की रैली को लेकर बीजेपी ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। मंडल अध्यक्षों को भारी संख्या में लोगों को लाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि सांसद कमलजीत सहरावत, योगेंद्र चंदोलिया और रावमीर सिंह बिधूड़ी को रैली का प्रभारी बनाया गया है। पार्टी ने अब तक दिल्ली चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है, लेकिन ऐसी संभावना है कि जनवरी के पहले सप्ताह में कुछ नाम सामने आ सकते हैं।

प्रधानमंत्री की अगली रैली 5 जनवरी को पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड में प्रस्तावित है। यह कार्यक्रम न केवल दिल्ली चुनाव अभियान की शुरुआत को चिह्नित करेगा, बल्कि जनता के लिए कई अहम विकास परियोजनाओं की सौगात भी लेकर आएगा।।

 


प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नई दिल्ली, दिल्ली सरकार, दिल्ली राजनीति, दिल्ली मेट्रो, दिल्ली पुलिस, दिल्ली नगर निगम, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना एक्सप्रेसवे क्षेत्र की ताजा एवं बड़ी खबरें पढ़ने के लिए hindi.tennews.in : हिंदी न्यूज पोर्टल को विजिट करते रहे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे। विडियो न्यूज़ देखने के लिए TEN NEWS NATIONAL यूट्यूब चैनल को भी ज़रूर सब्सक्राइब करे।

टिप्पणियाँ बंद हैं।